पानी के लिए अनशन पर बैठीं आतिशी की तबीयत बिगड़ी, शुगर लेवल 36 पर आया; LNJP अस्पताल में भर्ती

नई दिल्ली। हरियाणा से दिल्ली को उसके हिस्से का पानी दिलाने के लिए भोगल में अनिश्चितकालीन अनशन कर रही जल मंत्री आतिशी की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें लोकनायक अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनका शुगर लेवल बहुत नीचे गिर गया है।

आतिशी शुक्रवार से अनशन पर हैं। उनका कहना है कि हरियाणा से दिल्ली को लगभग 110 एमजीडी कम पानी आ रहा है। इस कारण दिल्ली के लगभग 28 लाख लोगों को पानी नहीं मिल रहा है। हरियाणा के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री को पत्र लिखने के बाद भी दिल्ली को पानी नहीं मिला।

अनशन के दूसरे दिन से गिरने लगा ब्लड शुगर लेवल

अनशन के दूसरे दिन से ही उनका ब्लड शुगर लेवल नीचे गिरने लगा था। उनका वजन भी कम हो गया है। सोमवार को लोकनायक अस्पताल के डॉक्टरों ने उनके स्वास्थ्य की जांच करने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती होने की सलाह दी थी, लेकिन उन्होंने मना कर दिया था।

सुबह तीन बजे 36 तक गिर गया शुगर लेवल

आम आदमी पार्टी के नेताओं का कहना है कि आधी रात को उनका बल्ड शुगर गिरकर 43 और सुबह तीन बजे 36 तक गिर गया, जिसके बाद अस्पताल के डॉक्टरों ने तुरंत उन्हें भर्ती करने की सलाह दी।

उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वह पिछले पांच दिनों से कुछ भी नहीं खा रही हैं और हरियाणा से दिल्ली के हिस्से का पानी जारी करने की मांग पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर हैं।सोमवार को तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा, सागरिका घोष और प्रतिभा मंडल, पंजाब के आप सांसद डॉ. राजकुमार अनशन स्थल पर पहुंच कर आतिशी का समर्थन किया था। दिल्ली सरकार के मंत्रियों ने सोमवार को प्रधानमंत्री को भी जल संकट दूर करने के लिए पत्र लिखा था।