
जगदलपुर । छत्तीसगढ़ -तेलंगाना राज्य में नक्सलियों ने 6 महीने तक युद्धविराम की घोषणा कर दी है। तेलगु कैडर के नक्सली और नक्सल संगठन के प्रवक्ता जगन ने प्रेस नोट जारी कर युद्धविराम का ऐलान किया है।
दरसअल, जगन ने तेलगु भाषा मे प्रेस नोट जारी किया है। जिसमें लिखा है कि तेलंगाना के CM रेवंत रेड्डी, पूर्व CM चंद्रशेखर राव और कविता ने भी शांति वार्ता के लिए पहल किया था। ये गर्व की बात है। शांति वार्ता के लिए शांति समिति का भी गठन किया गया था।
राज्य के कई बुद्धिजीवी वर्ग और मशहूर हस्तियां इसी मुद्दे पर अभियान चला रहे हैं। वार्ता प्रक्रिया को राज्य और देश में लोकतांत्रिक माहौल लाने के प्रयास के रूप में समझा जाना चाहिए। इन प्रयासों को सकारात्मक प्रभाव देने के लिए 6 महीने तक युद्धविराम की घोषणा कर रहे हैं।

नक्सली जगन ने प्रेस नोट जारी किया है।
शांति वार्ता के लिए अब तक 4 लेटर
सरकार से शांति वार्ता के लिए नक्सलियों ने अब तक कुल 4 लेटर जारी किया है। इससे पहले नक्सलियों के केंद्रीय कमेटी के प्रवक्ता अभय ने दो बार और नक्सलियों के DKSZCM रूपेश ने दो बार पत्र जारी किया था। वहीं अब जगन का यह 5वां पत्र है, जिसमें 6 महीने तक युद्धविराम की घोषणा करने की बात लिखी हुई है।
पिछले लेटर में अभय ने कही थी ये बात
नक्सलियों के सेंट्रल कमेटी के लीडर अभय ने सरकार से अपील की थी कि, शांति वार्ता के लिए अनुकूल माहौल बनाएं। शांति वार्ता को लेकर मैंने केंद्रीय कमेटी की ओर से 28 मार्च को ही बयान जारी किया था। दंडकारण्य के उत्तर पश्चिम जोन की तरफ से साथी रूपेश की तरफ से 2 प्रेस विज्ञप्ति भी जारी हुई है। हमने हमारी PLGA को सशस्त्र कार्रवाई को रोकने के आदेश जारी किए हैं।