छत्तीसगढ़: आज भी कई जिलों में हो सकती है भारी बारिश, नदियां उफान पर, कई बांध लबालब; प्रदेश का 4 राज्यों से दूसरे दिन भी संपर्क कटा

रायपुर।प्रदेश में आज भी कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने 10 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। अगले 24 घंटे में मुंगेली, बालोद, कबीरधाम, राजनांदगांव और खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में भारी बारिश की संभावना है।

सुकमा, बीजापुर जिले में हालात बिगड़ रहे हैं। सुकमा में शबरी और बीजापुर में इंद्रावती व चिंतावागु नदी उफान पर है। हाईवे पर पानी भरने से दोनों शहरों से होते हुए छत्तीसगढ़ का महाराष्ट्र, ओडिशा, आंध्र और तेलंगाना से संपर्क दूसरे दिन भी कटा रहा।

वहीं रायपुर में मंगलवार को हुई बारिश से हालात बिगड़े हैं। निचले इलाकों में लोगों के बेडरूम तक में पानी भर गया। 24 घंटे में जिले में 118 मिमी बारिश हो चुकी है। हालांकि प्रदेश में आज से बारिश की गतिविधियां कम होने की संभावना है।

राजनांदगांव में हुई कल सबसे ज्यादा बारिश

मौसम विभाग के मुताबिक, दुर्ग संभाग के राजनांदगांव में कल कई जगहों पर अच्छी वर्षा हुई। यहां के लालबहादुर नगर में 24 घंटे के दौरान 240 मिमी पानी गिरा। 38 स्थानों पर बहुत भारी (115 मिमी से 204 मिमी तक) और 39 जगहों पर भारी (65 से 115 मिमी तक) बारिश हुई है।

छत्तीसगढ़ में इन स्थानों पर मंगलवार को हुई बारिश
स्थानबारिश (मिमी)
राजनांदगांव240
सुकमा190
भानुप्रतापपुर180
खैरागढ़170
बालोद160
बलौदाबाजार160
डोंगरगांव150
भाटापारा150
धमतरी140
केशकाल140
पखांजूर140
अंतागढ़130
कांकेर120
रायपुर120
कसडोल120
अंबागढ़ चौकी110
बीजापुर90
आरंग90
गीदम90

प्रदेश के अन्य जिलों में मौसम की स्थिति…

रायपुर : बारिश का 10 साल का रिकॉर्ड टूटा

ये तस्वीर अवंती विहार महर्षि वाल्मीकि वार्ड 32 की है। बारिश के बाद मोहल्ले- बस्तियों और कालोनी में लोगों के घरों में पानी भर गया था। - Dainik Bhaskar

ये तस्वीर अवंती विहार महर्षि वाल्मीकि वार्ड 32 की है। बारिश के बाद मोहल्ले- बस्तियों और कालोनी में लोगों के घरों में पानी भर गया था।

रायपुर में सोमवार की रात से हो रही बारिश ने पिछले 10 साल का रिकार्ड तोड़ दिया। 24 घंटे में रिकार्ड 118 मिमी पानी गिरा। 2021 में 14 सितंबर को 101.4 मिमी बारिश हुई थी। इससे कई इलाके जलमग्न हो गए।​​​​​​ लोगों के घरों में सुबह चूल्हा तक नहीं जला। लोग बोले कि सिर्फ वोट लेने के लिए नेता आते हैं, लेकिन अब हमारी हालत कोई देखने के लिए नहीं आया। 

दुर्ग : 14 सितंबर तक होगी झमाझम बारिश, शिवनाथ नदी में 2 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया

दुर्ग जिले में मंगलवार सुबह से झमाझम बारिश हुई। आज भी बादल छाए हुए हैं और बारिश की संभावना है। - Dainik Bhaskar

दुर्ग जिले में मंगलवार सुबह से झमाझम बारिश हुई। आज भी बादल छाए हुए हैं और बारिश की संभावना है।

दुर्ग जिले में पिछले चार दिन से लगातार रुक-रुककर बारिश हो रही है। जिससे ठंडक महसूस होने लगी है। शिवनाथ नदी में 2 लाख 4 हजार 346 क्यूसेक पानी भी छोड़ा गया। मौसम विभाग ने 14 सितंबर तक इसी तरह तेज बारिश की संभावना जताई है।

बिलासपुर : एक दिन में 17.5 इंच बारिश, 8 डिग्री गिरा पारा 

बिलासपुर में मौसम बदलते ही लोगों ने गर्मी और उमस से राहत मिली है। आज भी बारिश हो सकती है। - Dainik Bhaskar

बिलासपुर में मौसम बदलते ही लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली है। आज भी बारिश हो सकती है।

बिलासपुर में पिछले 2 दिनों से हो रही बारिश के चलते मौसम सुहाना हो गया है। मंगलवार को दिनभर बारिश होती रही। जिससे तापमान 8 डिग्री गिरकर 26.4 डिग्री पर आ गया। इस साल 9 सितंबर की रात 17.5 इंच बारिश का रिकार्ड बना है। मौसम विभाग ने बुधवार को भी बारिश और बादलों के छाए रहने की संभावना जताई है। 

9% अधिक बारिश

10 सितंबर तक प्रदेश में 1110.7 मिमी पानी गिरा। ये औसत से 9% अधिक है। 8 जिलों में औसत से ज्यादा बारिश है। पांच जिलों में 44% तक बारिश कम है। रायपुर में 24 घंटे में 118 मिमी बारिश हो चुकी है। इसी के साथ शहर में इस मानसून सीजन में अब तक 910 मिमी बारिश हो चुकी है। यह 10 सितंबर तक के औसत 906 मिमी के कोटे से अधिक है।

बारिश से भरे बांध, पिछले साल के मुकाबले 16.36% अधिक पानी

छत्तीसगढ़ में जबरदस्त बारिश से यहां के कई बांध लबालब हो गए हैं। बारिश का असर बांधों के जलभराव में दिखाई दिया है। जल संसाधन विभाग के रिकॉर्ड के मुताबिक प्रदेश में बड़े और छोटे डैम मिलाकर कुल 46 बांध हैं और इनमें औसत 88.08 फीसदी पानी बांधों में भर गया है। 

इस साल 10 सितंबर तक औसत 88.08 फीसदी पानी बांधों में भर गया है, लेकिन पिछले साल के मुकाबले ये आंकड़ा 16.36 फीसदी अधिक है। साल 2023 में 10 सितंबर तक छत्तीसगढ़ के बांधों में औसत 71.72 फीसदी पानी भर गया था वहीं साल 2022 में आंकड़ा 87.37 प्रतिशत था।

बड़े शहरों का तापमान

प्रदेश के कई जिलों में मंगलवार को लगातार बारिश के कारण अधिकतम तापमान सामान्य से कम रहा। रायपुर में दिन का पारा सामान्य से 3.8 डिग्री, बिलासपुर में औसत से 5 डिग्री, पेंड्रा में औसत से 3.2 डिग्री, अंबिकापुर में सामान्य से 1.3 डिग्री कम था। जगदलपुर में औसत से 2.7 डिग्री और में औसत से 2.8 डिग्री कम तापमान दर्ज किया गया।