छत्तीसगढ़: साय-कैबिनेट की बैठक आज, DA पर हो सकती है चर्चा; धान खरीदी और राज्योत्सव समेत कई प्रस्ताव पर होगा मंथन

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में आज कैबिनेट की मीटिंग होगी। बैठक में कई अहम प्रस्तावों पर मुहर लग सकती है। इसके लिए मुख्य सचिव ने सभी विभागों से प्रस्ताव मंगवा लिए हैं। सरकार के सभी मंत्री शुक्रवार को रायपुर पहुंचे चुके हैं। करीब 12 बजे कैबिनेट की बैठक मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित की गई है।

चर्चा है कि कैबिनेट की बैठक में धान खरीदी, राज्योत्सव सहित अन्य विषयों पर चर्चा हो सकती है। बैठक में राज्य के सरकारी कर्मचारियों की भी निगाहें रहेंगी। कर्मचारी DA बढ़ाने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। माना जा रहा है कि कैबिनेट में DA के मुद्दे पर भी मंथन हो सकता है।

इससे पहले विष्णुदेव कैबिनेट की बैठक 7 अगस्त को हुई थी। इसमें गुरुघासीदास-तमोर पिंगला टाइगर रिजर्व को लेकर निर्णय लिया गया था। यह बैठक करीब एक माह बाद हो रही है, जिसमें साय सरकार के पहले राज्योत्सव आयोजन, धान खरीदी की शुरुआत, नई औद्योगिक नीति, और नक्सलवाद खत्म करने के लिए पुनर्वास नीति समेत कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाने की संभावना है।