छत्तीसगढ़: बिलासपुर में गर्मी से 2 लोगों की मौत, प्रदेश में अब तक 5 लोगों की गई जान

रायपुर। छत्तीसगढ़ में आज भी कई इलाके लू की चपेट में हैं। नौतपा के छठवें दिन यानी गुरुवार को प्रदेश में कई प्रमुख शहरों में हीटवेव का असर दिखा। इस दौरान बिलासपुर में 2 लोगों की मौत हो गई। इसके साथ ही प्रदेश में गर्मी से मरने वालों का आंकड़ा 5 पर पहुंच गया है।

इस सीजन में 30 मई को रायपुर बेहद गर्म रहा। दोपहर में तापमान रिकॉर्ड 46.8 डिग्री पर पहुंच गया। यह पिछले एक दशक का सबसे गर्म दिन रहा है। आज प्रदेश के 16 जिलों में अगले 24 घंटे के लिए लू का यलो अलर्ट जारी किया गया है।

बिलासपुर में गर्म हवाओं के साथ हीटवेव जैसी स्थिति है। गर्मी का आलम यह है कि सुबह लोग घरों से बाहर नहीं निकले। शाम को भी गर्म हवाएं चल रही हैं। इस बीच दो लोगों की मौत हो गई है। गुरुवार को अधिकतम तापमान 46.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं रात को पारा 30 डिग्री तक पहुंच गया था।