छत्तीसगढ़: प्रदेश में सबसे गर्म जिला रहा जांजगीर- चांपा, तापमान 46.4 डिग्री किया गया रिकॉर्ड; 21 को होगी मानसून की एंट्री

रायपुर।प्रदेश में भीषण गर्मी से लोग परेशान हैं। तपती धूप झुलसा रही है और रात तक चलने वाली गर्म हवाओं की वजह से लोग बेहाल हैं। शनिवार को राजनांदगांव, रायपुर, बिलासपुर, अंबिकापुर, जगदलपुर, दुर्ग, पेण्ड्रारोड, रायगढ़, जांजगीर, मुंगेली, जशपुर जिले में लू चली। यहां सुबह से शाम तक धूप झुलसाती रही है। दिन ढलने के बाद रात तक गर्म हवा के थपेड़े आते रहे। पसीने से लथपथ लोग भीषण गर्मी से बेचैन रहे।

प्रदेश में सबसे गर्म जांजगीर जिला रहा यहां तापमान 46.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। रायगढ़ में तापमान 45.7 डिग्री रहा। इसी तरह मुंगेली जिले का तापमान 44.9 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। महासमुंद में भी सूरज की तपिश ने लोगों को बेहाल किया यहां 43.9 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। दुर्ग जिले का भी हाल यही रहा यहां का तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस रहा। बिलासपुर जिले में 43.6 डिग्री टेम्परेचर रहा जबकि राजधानी रायपुर में 45.3 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।

प्रदेश के प्रमुख शहरों का तापमान

प्रदेश के प्रमुख शहरों का तापमान

आने वाले 24 घंटे कैसा रहेगा मौसम
आगामी 24 घंटे में मध्य छत्तीसगढ़ के एक-दो पॉकेट में लू चलने और रात भी गर्म रहने की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग ने प्रदेश के एक दो स्थानों में आंधी चलने और आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका जताई है।
लू को लेकर सावधान
हीट वेव को लेकर मौसम विभाग ने अलग से लोगों के लिए एडवाइजरी जारी की है। जिसमें लोगों को पर्याप्त पानी पीने, प्यास नहीं लगने पर भी पीने की अपील की गयी है। इसके अलावा घर में बने शीतल पेय लस्सी, चावल पानी, नींबू पानी, छाछ और नारियल पानी जैसे पेय पदार्थों का सेवन करने को कहा गया है।

घर से बाहर निकलने पर सूरज की तपिश लोगों को झुलसा रही है। धूप से बचने की कोशिश करते लोग।

घर से बाहर निकलने पर सूरज की तपिश लोगों को झुलसा रही है। धूप से बचने की कोशिश करते लोग।

इसके अलावा तेज धूप के वक्त घर से बाहर नहीं निकलने को कहा जा रहा है। हल्के रंग के ढीले सूती कपड़े पहनने की सलाह विशेषज्ञों द्वारा दी जा रही है। घर से बाहर निकलने पर कपड़े, टोपी या छतरी का उपयोग करने का सुझाव दिया जा रहा है और आंखों की सुरक्षा के लिए भी इंतजाम करने की बात कही गयी है।

मानसून के 21 जून तक बस्तर और 24 तक रायपुर पहुंचने की संभावना
मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक प्रदेश में 19 जून तक लू की स्थिति बनी रहेगी। आने वाले तीन दिनों तक गर्मी से राहत मिलने की कोई संभावना नहीं है लेकिन अब मानसून के आगे बढ़ने की परिस्थितियां अनुकूल है इसलिए उम्मीद की जा रही है कि 21 जून तक मानसून की छत्तीसगढ़ में बस्तर के रास्ते से एंट्री हो जाएगी और 24 जून तक रायपुर पहुंचने की संभावना है।