बिलासपुरः मंत्री जयसिंह का फर्जी PSO गिरफ्तार, पहले टीचर, फिर कोरबा की महिला बैंककर्मी से की शादी; फर्जी आईडी कार्ड व नकली पिस्टल बरामद

बिलासपुर। बिलासपुर जिले में मंत्री जयसिंह अग्रवाल का PSO बनकर एक शख्स ने 2 महिलाओं से शादी कर ली। उसने अपने प्रेमजाल में पहले एक महिला टीचर को फंसाया और उससे शादी कर ली। उसके पैसे से मजे भी किए। फिर कोरबा की एक बैंककर्मी महिला को भी ऐसे ही प्रेम जाल में फंसा लिया। जिसके बाद पहली पत्नी ने मामले में शिकायत की। तब जाकर पूरा मामला सामने आया है। मामला तखतपुर थाना क्षेत्र का है।

टीआई एसआर साहू ने बताया कि पुलिस को मंगलवार को जानकारी मिली कि ग्राम भौंराकछार में एक युवक पुलिस की वर्दी में घूम रहा है। वह अपने आप को राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल का PSO बताकर लोगों को नौकरी लगाने का दावा कर रहा है और नशे का अवैध कारोबार करने के लिए उकसा रहा है।

खबर मिलते ही पुलिस गांव पहुंची और वर्दीधारी युवक को पकड़कर पूछताछ की, तब वह पुलिसकर्मियों पर ही धौंस दिखाने लगा। उसने अपना नाम यज्ञ कुमार बताया। फिर यज्ञ कुमार की आईडी पुलिस ने चेक की, तब पूरा फर्जीवाड़ा सामने आया है। इसके बाद पुलिस ने आरोपी से वर्दी, पुलिस बैच, बेल्ट, कैप, जूता, नकली पिस्टल, पुलिस की फर्जी आईडी कार्ड, VIP सुरक्षा कमांडेंट माना रायपुर का फर्जी सील, स्टाम्प पैड बरामद करके उसे गिरफ्तार कर लिया है।

आरोपी युवक से पुलिस ने फर्जी आईडी कार्ड, नकली पिस्टल बरामद की गई है।

युवक के पास से पुलिस ने फर्जी आईडी कार्ड, नकली पिस्टल बरामद की

आरोपी युवक जूनापारा चौकी के ग्राम भौंराकछार का रहने वाला है। उसकी वर्दी, टोपी व रुतबे को देखकर गांव वाले उसे पुलिसकर्मी समझते थे। साल 2014 में उसने जशपुर की महिला टीचर को अपने झांसे में ले लिया और खुद को पुलिसकर्मी बताकर उससे शादी कर ली। तब महिला भी उसे पुलिसकर्मी समझती रही। वह अपनी पत्नी की सैलरी से कार खरीदकर मौज करता रहा और लोगों को रुतबा दिखाता रहा।

आरोपी यज्ञ कुमार यादव की टीचर पत्नी को उसका फर्जीवाड़ा शादी के बाद समझ आ गया था। लेकिन, वह सब कुछ सहती रही और उसने किसी को भी पति के फर्जी पुलिसकर्मी होने की जानकारी नहीं दी। इसके बाद आरोपी कोरबा में जमीन खरीदकर मकान बनाने की तैयारी में जुट गया।

9 साल तक फर्जी पुलिसकर्मी को बर्दाश्त करती रही पत्नी।

करीब साल भर पहले आरोपी ने कोरबा की रहने वाली महिला बैंककर्मी को अपने प्रेमजाल में फंसा लिया और आर्य समाज में उसके साथ शादी रचा ली। अब वह अपनी दो-दो पत्नी की सैलरी से मजे करने लगा। चूंकि, आरोपी ज्यादातर समय बाहर रहता था। इसकी वजह से वह दोनों पत्नियों को बराबर समय देता और उनके साथ अलग-अलग रहता था।

आरोपी की पहली पत्नी उसकी सारी हरकतों को बर्दाश्त कर रही थी। मगर जब उसे कुछ माह पहले यह पता चला कि आरोपी ने अपनी वर्दी का रौब दिखाकर दूसरी महिला से भी शादी रचा ली है, तब उससे यह बर्दाश्त नहीं हुआ। महिला ने अपने पति की करतूतों की जानकारी पुलिस अफसरों को दे दी। साथ ही बताया कि वह फर्जी पुलिसकर्मी बनकर लोगों को झांसा देता है और नशे का अवैध कारोबार करने के लिए उकसाता है। इसके बाद हरकत में आई पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।