15 साल बाद MCD की सत्ता से भाजपा आउट: पार्टी को 104 सीटें मिलीं; 132 सीटें जीतकर AAP ने हासिल किया बहुमत

नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम (MCD) में पिछले 15 साल से काबिज भाजपा का पत्ता साफ हो गया है। आम आदमी पार्टी (AAP) ने यहां भारी बहुमत से जीत दर्ज की है। स्टेट इलेक्शन कमिशन के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, AAP ने 132 सीटें जीत ली हैं। दो सीटों पर वह आगे है। वहीं भाजपा को 104 सीटें मिली हैं। कांग्रेस को 9 और 3 सीटों पर निर्दलीय प्रत्याशियों की जीत हुई है।

MCD की 250 वार्ड के लिए 4 दिसंबर को वोटिंग हुई थी। बहुमत के लिए जादुई आंकड़ा 126 है। आप की जीत पर पार्टी के सांसद संजय सिंह ने भाजपा पर हमला बोला है। सिंह ने कहा- अरविंद केजरीवाल कट्‌टर ईमानदार हैं। लोगों ने ईमानदार को जिताया है। भाजपा के किले को ध्वस्त करने का काम केजरीवाल ने किया।

भाजपा अभी भी कह रही है मेयर हमारा होगा जबकि उनकी 20-25 सीटें कम हैं। भाजपा खोखा पार्टी है। दिल्ली का मेयर भी हमारा होगा। आम आदमी पार्टी ने झाड़ू चलाने का काम किया है। मैं भाजपा को कहना चाहता हूं कि दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी वालों 17 केंद्रीय मंत्री और 8 मुख्यमंत्री दिल्ली में लगाए फिर भी जनता ने केजरीवाल को जिताया है। यह बहुत बड़ी जीत है।

वहीं, केजरीवाल सरकार के मंत्री गोपाल राय ने कहा कि आज दिल्ली के लोगों ने इतिहास रचा है। दिल्ली से नई शुरुआत हुई है। बात निकलेगी तो दूर तलक जाएगी। अब तक भाजपा कहती रही है कि केजरीवाल तो कांग्रेस को हराती है। लेकिन दिल्ली ने दिखा दिया कि भ्रष्टाचार का एक ही काल है। वह है केजरीवाल।

पहले देखते हैं, किसे कितनी सीटें मिल रहीं

लीडपार्टी जीत
2आम आदमी पार्टी132
0भाजपा104
0कांग्रेस9
0निर्दलीय3

AAP के जश्न के दो फोटो… 

जीत के बाद आप कार्यकर्ताओं ने एक दूसरे को मिठाई खिलाई।

जीत के बाद आप कार्यकर्ताओं ने एक दूसरे को मिठाई खिलाई।

दिग्गजों के क्षेत्र में आप पिछड़ी
मनीष सिसोदिया के विधानसभा में 4 सीटें हैं। भाजपा ने 3 पर जीत दर्ज की। आप के खाते में एक ही सीट गई। उधर, जेल में बंद सत्येंद्र जैन के विधानसभा में 3 वार्ड हैं। पार्टी तीनों पर भाजपा से हार गई। अरविंद केजरीवाल के वार्ड नंबर 74 चांदनी चौक से पार्टी के उम्मीदवार पुनर्दीप सिंह ने भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशी को हराया। उधर, आप विधायक अनानतुल्ला के वार्ड नंबर 189 जाकिर नगर से कांग्रेस विजयी हुई। 

यह फोटो आप ऑफिस के बाहर का है। रुझानों में जीत मिलते ही कार्यकर्ता जमा हो गए।

यह फोटो आप ऑफिस के बाहर का है। रुझानों में जीत मिलते ही कार्यकर्ता जमा हो गए।

अब पूरी काउंटिंग को सिलसिलेवार तरीके से समझते हैं… 

1. शुरुआत में कभी भाजपा, तो कभी आप आगे रही
सुबह 8 बजे जैसे ही शुरुआती रुझान आए भाजपा और आप में कड़ी टक्कर देखने को मिली। शुरुआती दो घंटे में दोनों दलों की सीटों में 10 से 20 सीटों का अंतर रहा। कभी भाजपा आगे तो कभी आप आगे दिखी। फिर सुबह 10.30 बजे के बाद हालात बदले और आप ने भाजपा पर बढ़त बना ली।

2. आप के दफ्तर में सुबह से हलचल, पहले जश्न, मायूसी फिर जश्न 
एग्जिट पोल में AAP की जीत के बाद बुधवार सुबह से ही पार्टी के कार्यालय में गहमा-गहमी शुरू हो गई थी। ऑफिस को पीले और नीले गुब्बारों से सजाया गया है। पिछली बार इन्हें सफेद और नीले कलर के गुब्बारों से सजाया गया था। पर जैसे ही रुझान आते रहे आप के दफ्तर में पहले जश्न, मायूसी फिर जश्न का माहौल दिखा।