छत्तीसगढ़ः भेंट-मुलाकात में पहुंची जय-वीरू की जोड़ी, प्रभारी मंत्री टीएस सिंहदेव को भी साथ ले गए सीएम भूपेश; झलमला में चौपाल शुरू 

कवर्धा। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोमवार से फिर से भेंट-मुलाकात कार्यक्रम शुरू किया है। उनके साथ स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव भी हैं। सिंहदेव कवर्धा के प्रभारी मंत्री हैं। लेकिन इस बार पहली बार हुआ है जब जय-वीरू की यह जोड़ी भेंट-मुलाकात का मंच साझा कर रही है। इस बार उनका दौरा कबीरधाम जिले की कवर्धा विधानसभा सीट पर केंद्रित है। वहां झलमला में उनकी चौपाल भी शुरू हो गई है।

झलमला पहुंचे मुख्यमंत्री ने वहां सबसे पहले पचराही के शिव मंदिर में पूजा अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख सम्रद्धि की कामना की है। सीएम अभी आम जनता को संबोधित कर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने कहा कि मैं देखने आया हूं कि लोगों तक हमारी योजनाओं का लाभ पहुंच रहा है या नहीं। सीएम से साथ मंत्री सिंहदेव के अलावा मंत्री मोहम्मद अकबर भी मौजूद हैं।

तय कार्यक्रम के मुताबिक मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सोमवार दोपहर में रायपुर पुलिस ग्राउंड हेलीपैड से भेंट-मुलाकात के लिए रवाना हुये। उनके साथ स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव और क्षेत्रीय विधायक व वन मंत्री मोहम्मद अकबर भी गए। सबसे पहले उनका हेलीकॉप्टर बोड़ला विकासखंड के झलमला गांव में उतरा है।

दोपहर बाद वहां से उनका हेलीकॉप्टर सहसपुर-लोहारा पहुंचेगा। वहां भी विभिन्न परियोजनाओं का निरीक्षण, मुलाकात के बाद चौपाल में चर्चा होगी। सहसपुर लोहारा में भेंट-मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर कवर्धा पहुंचेगा। शाम को शबरी नदी पर नए पुल का लोकार्पण होना है। मुख्यमंत्री देर शाम कवर्धा के पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम में आयोजित सामाजिक सम्मेलन में शामिल होंगे। इसके बाद विभिन्न प्रतिनिधिमंडलों से भेंट करेंगे। मुख्यमंत्री रात को कवर्धा में ही रहेंगे।

वन मंत्री मोहम्मद अकबर ने तैयारियों का जायजा लिया है।

वन मंत्री मोहम्मद अकबर ने तैयारियों का जायजा लिया है।

एक दिन पहले क्षेत्र में पहुंच गये वन मंत्री

कवर्धा विधायक और वन मंत्री मोहम्मद अकबर मुख्यमंत्री की भेंट-मुलाकात की तैयारी के लिए एक दिन पहले ही क्षेत्र में पहुंच गए हैं। रविवार को उन्होंने सहसपुर लोहारा और वनांचल क्षेत्र झलमला गांव पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने प्रशानिक अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

मंगलवार को 122 करोड़ के कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन

बताया जा रहा है, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल मंगलवार की सुबह कवर्धा विधानसभा क्षेत्र के लिए 122 करोड़ रुपए से अधिक के 128 कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे। बाद में वे अफसरों के साथ योजनाओं की समीक्षा भी करेंगे।

मुख्यमंत्री सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में ऐसी चौपाल लगाने वाले हैं।

मुख्यमंत्री सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में ऐसी चौपाल लगाने वाले हैं।

अब तक 34 विधानसभा क्षेत्र घूम चुके

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल इस साल सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में ऐसी भेंट-मुलाकात के लिए पहुंच रहे हैं। योजना है कि प्रत्येक क्षेत्र में एक दिन रुका जाए। इसकी शुरुआत चार मई से हुई थी। शुरुआत सरगुजा संभाग से हुई। बाद में बस्तर, गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही, रायगढ़ जिलों का दौरा हुआ। पिछले महीने उन्होंने कवर्धा जिले के पंडरिया विधानसभा क्षेत्र का दौरा किया था। अब तक राज्य के 16 जिलों के 34 विधानसभा क्षेत्रों में ऐसा दौरा हो चुका है।