
रायपुर । प्रदेश में अगले तीन दिन मौसम विभाग ने प्रदेश के सभी जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर समेत कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बिजली गिर सकती है। अंधड़ चलने की संभावना है। हवा की रफ्तार 40-50 किमी प्रति घंटे हो सकती है। बस्तर और सरगुजा संभाग के जिलों में इसका ज्यादा असर रहेगा।
तीन दिन बारिश का यलो अलर्ट

वेस्टर्न डिस्टरबेंस के असर से पिछले कुछ दिनों से प्रदेश का तापमान सामान्य से 5 डिग्री तक कम है। रविवार को 38.6 डिग्री के साथ दुर्ग सबसे गर्म रहा।
मौसम विभाग रायपुर के मुताबिक साइक्लोनिक सर्कुलेशन और एक टर्फ की एक्टिविटी के कारण प्रदेश में बादल, बारिश और आंधी की स्थिति बन रही है।
अगले 3 दिन गरज चमक की स्थिति ज्यादा
मौसम विज्ञानी गायत्री वाणी कंटिभोटला के मुताबिक प्रदेश में अगले 3 दिनों तक मौसम में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है। इस दौरान कहीं-कहीं पर तेज बारिश होगी। गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। कुछ जगहों पर 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार तेज हवा भी चल सकती है। इसका असर रायपुर में भी दिखेगा।
बस्तर और सरगुजा संभाग में इसका असर ज्यादा रहेगा। वहीं मध्य छत्तीसगढ़ में गरज चमक के साथ बिजली गिर सकती है।
रायपुर में 37 डिग्री पहुंचा पारा
रायपुर में रविवार को सुबह तेज बारिश के कारण पूरे दिन मौसम बदला रहा। दिन का तापमान 37 डिग्री रहा जो सामान्य से करीब पांच डिग्री तक नीचे चला गया। शाम को भी मौसम ठंडा रहा। इससे गर्मी से थोड़ी राहत रही। नमी और धूप की वजह से दिन में थोड़ी उमस भी महसूस हुई।
समुद्र से आ रही नमी के कारण लोकल सिस्टम से रविवार की सुबह रायपुर में बारिश हुई। रविवार को अधिकतम तापमान 37 डिग्री रहा। यह सामान्य से 5.1 डिग्री कम था।
दुर्ग सबसे गर्म रहा
दुर्ग जिले में रविवार को अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री रहा जो प्रदेश में सबसे अधिक था। वहीं न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। यह सामान्य से करीब 4 डिग्री कम था। रविवार को सुबह गरज चमक के साथ हल्की बारिश हुई।
क्या अलर्ट है आने वाले दिनों के लिए?
मौसम विभाग के मुताबिक,अगले 4 दिनों तक प्रदेश के कुछ हिस्सों में 50-60 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इसके बाद 3 दिन और ऐसा ही मिजाज रहने वाला है। बस हवाएं थोड़ी धीमी (40-50 किमी/घंटा) हो सकती हैं।