
कोरबा । कोरबा जिले में एक महिला की अधजली लाश मिलने के मामले में पुलिस ने एक टीचर को गिरफ्तार किया है। दोनों करीब 5-6 साल से लिव इन में थे। महिला शादी के 15 दिन बाद ही अपने पति को छोड़कर आरोपी शिक्षक के पास आ गई थी। दोनों के बीच विवाद बढ़ने पर शिक्षक ने उसकी हत्या कर दी और सबूत मिटाने के लिए शव को जला दिया।
जानकारी के मुताबिक, 3 मार्च को पाली थाने में एक शख्स ने आकर सूचना दी कि, वह गिधराईलमाड़ा पहाड़ किनारे लकड़ी लेने गया था। इसी दौरान उसने एक महिला की अधजली लाश देखी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर जांच में जुटी।

आरोपी शिक्षक के साथ मृतक महिला शशिकला
अंगूठी और ब्रेसलेट से हुई पहचान
पुलिस शव की पहचान में जुटी थी इसी बीच महिला के लापता होने की शिकायत करने उसका भाई अशोक थाने पहुंचा। पुलिस को शक हुआ कि वह उसी महिला की बात कर रहा है। पुलिस ने शव दिखाकर पहचान कराई तो अशोक ने अंगूठी और ब्रेसलेट से उसकी पहचान कर ली। पूछताछ में बताया कि, महिला का नाम शशिकला है जिसकी उम्र करीब 28 साल थी।

आरोपी शिक्षक मिलन दास महंत के साथ मृतक महिला शशिकला।
महिला का आरोपी शिक्षक के साथ था अवैध संबंध
आगे की पूछताछ में मृतका शशिकला के भाई ने बताया कि, शशिकला जब लाद हायर सेकेंडरी स्कूल में 11वीं में पढ़ाई कर रही थी, तभी उसकी एक टीचर मिलन दास महंत के साथ बातचीत होती थी। मिलन यहां शिक्षाकर्मी वर्ग-1 में पोस्टेड था। वहां से जब वह कॉलेज गई तब भी शशिकला और मिलन की बातचीत फोन पर होती थी। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गई और महिला का मिलन दास के साथ अवैध संबंध बन गया।

राम टोक पहाड़ पर महिला की अधजली लाश मिली थी।
मिलन ने ही लड़की के लिए पति की तलाश की
इसी दौरान जब घर में शशिकला की शादी की चर्चा हुई। यह बात मिलन दास को पता चला तो शशिकला की शादी करवाने में उसने ही मुख्य भूमिका निभाई थी। उसने ही पहचान का लड़का होने की बात शशिकला के परिवार से कही और उसकी शादी कराई।
करीब 6 साल पहले शशिकला की शादी भुनेश्वर गोड़ से हुई थी। महज 15 दिनों में ही वह ससुराल छोड़कर मायके आ गई और फिर 2018 से टीचर मिलन दास के साथ कटघोरा में किराए के मकान में लिव-इन में रहने लगी। जब इस बात की जानकारी शशिकला के घरवालों को मिली तो घर वालों ने शशिकला से संबंध तोड़ लिया। हालांकि, शशिकला का भाई अशोक उससे बातचीत करता था। कभी-कभी मिलने घर भी जाता था।

मोर्चरी में महिला की लाश और अस्पताल स्टाफ के साथ पुलिसकर्मी।
अचानक फोन बंद होने पर भाई को हुआ शक
अशोक ने बताया कि कुछ दिन पहले 27 फरवरी को जब वह अपनी बहन से फोन पर संपर्क करने की कोशिश कर रहा था, तो फोन बंद मिला। शक होने पर वह कटघोरा उसके घर पहुंचा, तो आसपास के लोगों से उसे पता चला कि शशिकला और मिलन दास के बीच विवाद हुआ था।
जब अशोक ने मिलन से शशिकला के बारे में पूछा, तो मिलन भी टालमटोल करने लगा। अशोक को मिलन की बातों पर शक हुआ और उसने तुरंत पाली थाना में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने भी जांच के बाद आरोपी मिलन और उसके साथी को एक होटल से गिरफ्तार किया।

पुलिस ने टीचर मिलन और उसके ड्राइवर सावन यादव को गिरफ्तार किया है।
पैसों को लेकर की थी हत्या
पूछताछ में मिलन ने हत्या की बात भी कबूल कर ली। आरोपी टीचर मिलन ने पुलिस को बताया कि, शशिकला लगातार पैसों की मांग कर रही थी, जिससे परेशान होकर उसने उसकी हत्या की साजिश रची। 28 फरवरी की रात करीब 11-12 बजे आरोपी मिलन दास और उसके ड्राइवर सावन यादव ने मिलकर गमछे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।
शव को ठिकाने लगाने के लिए स्कॉर्पियो वाहन में डालकर बगदरा जंगल ले गए और पेट्रोल डालकर जला दिया। वहीं शव को अधजला शव छोड़कर फरार हो गए थे।
समाज बहिष्कार के चलते शव नहीं ले जा पाया भाई
दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। वहीं स्कॉर्पियों वाहन भी जब्त किया गया है। मृतका के भाई अशोक ने कहा कि, वह अपनी बहन का शव गांव नहीं ले जाएगा, क्योंकि समाज ने उसे बहिष्कृत कर दिया है। इसके चलते शशिकला का अंतिम संस्कार वहीं करना पड़ा।