
दुबई। पूर्व भारतीय स्पिनर हरभजन सिंह इन दिनों दुबई में हैं और चैंपियंस ट्रॉफी का आनंद ले रहे हैं। इस बीच एक एक्स यूजर ने भज्जी का पारा इतना बढ़ा दिया कि उन्हें उसके खिलाफ एफआईआर करवाने का फैसला लेना पड़ गया। दोनों के बीच हुई इस बहस का मुद्दा हिंदी कमेंट्री थी, जिसकी यूजर ने आलोचना की। पूर्व क्रिकेटर को यह बात नागवार गुजरी और उन्होंने खरी-खोटी सुनाई।
क्या है मामला?
भारत और पाकिस्तान के बीच रविवार को चैंपियंस ट्रॉफी का महामुकाबला खेला गया था। इस मैच में भारत ने पाकिस्तान को छह विकेट से हराया था। इसके बाद हरभजन सिंह ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। उन्होंने लिखा- इंडिया की जीत का जश्न। इस पर रिप्लाई करते हुए एक यूजर ने हिंदी कमेंट्री के खिलाफ पोस्ट किया। यूजर ने लिखा- हिंदी कमेंट्री इस खूबसूरत नीले ग्रह पर सबसे घटिया चीजों में से एक हो सकती है। यूजर के इस रिप्लाई से भज्जी भड़क गए और उन्होंने इसका रिप्लाई करते हुए लिखा- वाह अंग्रेज की औलाद, तुम पर शर्म है। अपनी भाषा बोलने और सुनने पर फर्क होना चाहिए। पूर्व भारतीय क्रिकेटर के इस पोस्ट के बाद मुद्दे ने तूल पकड़ लिया और मामला बढ़ गया।
