छत्तीसगढ़: माओवादियों ने की 2 ग्रामीणों की हत्या, रात में घर से उठाया, फिर घोंटा गला, इनमें एक शिक्षादूत भी

रात में घर से उठाया, फिर घोंटा गला, इनमें एक शिक्षादूत भी|जगदलपुर,Jagdalpur - Dainik Bhaskar

बीजापुर । दंतेवाड़ा और बीजापुर जिले की सरहद पर स्थित एक गांव में माओवादियों ने 2 ग्रामीणों को मार डाला है। इनमें एक शिक्षादूत भी शामिल है। बताया जा रहा है कि इन दोनों पर पुलिस की मुखबिरी करने का आरोप लगाया और मौत की सजा दे दी है। पंचायत चुनाव से ठीक एक दिन पहले हुई वारदात से इलाके के लोगों में दहशत है। मामला बारसूर थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, मामला भैरमगढ़ ब्लॉक के तोड़मा गांव का है। देर रात नक्सली इस गांव के रहने शिक्षादूत बामन कश्यप और ग्रामीण अनीश राम के घर पहुंच गए थे। जिसके बाद उन्होंने दोनों को घर से बाहर निकाला। फिर घर से कुछ ही दूरी पर स्थित जंगल की तरफ लेकर गए जहां गला घोंट कर उन्हें मार डाला। हत्या के बाद शव गांव के नजदीक लाकर फेंक दिया है।

पुलिस मुखबिरी के शक में मारा

बताया जा रहा है कि दोनों पर पुलिस की मुखबिरी करने का आरोप लगाया और मौत की सजा दी है। नक्सलियों की पूर्वी बस्तर डिवीजन कमेटी ने वारदात की है। गांव के लोगों ने इस वारदात की जानकारी पुलिस को दी है। पुलिस की टीम मौके के लिए निकली है। इलाके में दहशत का माहौल है।