छत्तीसगढ़: साइको सीरियल किलर गिरफ्तार, 2 महिलाओं को बेरहमी से मार डाला था गूंगे ने; साइन लैंग्वेज एक्सपर्ट की मदद से खुलासा

बलौदाबाजार में साइको सीरियल किलर गिरफ्तार। - Dainik Bhaskar

बलौदाबाजार। जिले में  महिलाओं की हत्या करने वाले आरोपी  साइको सीरियल किलर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी सीरियल किलर गूंगा है, जिसे पुलिस के लैंग्वेज एक्सपर्ट ने कड़ी मशक्कत के बाद पकड़ा है। आरोपी ने चार साल पहले दो महिलाओं की हत्या कर दी थी। 

दरअसल यह पूरा मामला जिले के भालुकोना गांव का है। जहां पर चार साल पहले आरोपी साइको सीरियल किलर ने बड़ी बेरहमी से दो महिलाओं की हत्या कर दी थी। घटना के बाद  पुलिस ने ग्रामीणों से पूछताछ और घटनास्थल के निरीक्षण के बाद आरोपी की पहचान की। वहीं अब पुलिस टीम ने साइन लैंग्वेज एक्सपर्ट की मदद से पूछताछ कर आरोपी को दबोचा। आरोपी साइको किलर गूंगा है।  

29 मई 2020 को रामायण पटेल ने लवन थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी भतीजी अनुपम बाई का शव महानदी किनारे पेड़ पर लटका हुआ मिला। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने देखा कि महिला के कपड़े बिखरे हुए थे और सिर पर गंभीर चोट थी।

मृतिका का शरीर खून से लथपथ था और पास में खून लगी सूखी लकड़ी भी पड़ी हुई थी, जिससे शक हुआ कि महिला की हत्या कर शव को पेड़ पर लटका दिया गया। पुलिस ने जांच शुरू की और सबूतों को इकट्ठा किया।

दूसरी घटना 13 मार्च 2023 की है, जब किशन यादव ने लवन थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि गांव के पनखट्टी तालाब के पास मंदिर के निकट गौरी बाई यादव का शव पड़ा हुआ है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पाया कि महिला के सिर और चेहरे पर गंभीर चोट थी और शव खून से लथपथ था। घटनास्थल पर घसीटने के निशान मिले और पास में खून लगे हंसिया और लकड़ी का टुकड़ा भी बरामद हुआ।

दोनों घटनाओं की जांच के दौरान पुलिस ने ग्रामीणों से पूछताछ की और मृत महिलाओं की दिनचर्या का अध्ययन किया। इस दौरान संदेह तेजराम उर्फ कोंदा नामक गूंगे व्यक्ति पर गया। साइन लैंग्वेज एक्सपर्ट की मदद से मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ करने पर तेजराम ने दोनों हत्याएं करने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार भी बरामद कर लिए।