वेंकैया नायडू समेत कई हस्तियां पद्म पुरस्कारों से सम्मानित; राष्ट्रपति मुर्मू ने दिए अवॉर्ड

Venkaiah Naidu and other dignitaries were honored with Padma awards President Murmu honored

नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को राष्ट्रपति भवन में पूर्व उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू समेत अन्य गणमान्य जनों को पद्म पुरस्कारों से सम्मानित किया। राष्ट्रपति मुर्मू ने  वेंकैया नायडू को पद्म विभूषण से सम्मानित किया। इसके अलावा सुलभ इंटरनेशनल के संस्थापक बिंदेश्वर पाठक को मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया। अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती, पूर्व राज्यपाल राम नाईक, गायिका उषा उत्थुप और उद्योगपति सीताराम जिंदल को पद्म भूषण से नवाजा गया। लगभग आधे विजेताओं को सोमवार को पुरस्कार प्रदान किए गए। शेष को अगले सप्ताह पुरस्कार दिए जाने की संभावना है। समारोह में उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और विदेश मंत्री एस. जयशंकर सहित अन्य उपस्थित थे।

तीन श्रेणियों में दिए जाते हैं पद्म पुरस्कार
देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में से एक पद्म पुरस्कार तीन श्रेणियों में दिए जाते हैं। इनमें पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री शामिल हैं। पुरस्कार विभिन्न विषयों या क्षेत्रों में दिए जाते हैं। इनमें कला, सामाजिक कार्य, सार्वजनिक मामले, विज्ञान और इंजीनियरिंग, व्यापार और उद्योग, चिकित्सा, साहित्य और शिक्षा, खेल, सिविल सेवा आदि शामिल हैं।

गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर की जाती है घोषणा
पद्म विभूषण असाधारण और विशिष्ट सेवा के लिए, पद्म भूषण उच्च कोटि की विशिष्ट सेवा के लिए और पद्म श्री किसी भी क्षेत्र में विशिष्ट सेवा के लिए दिया जाता है। पुरस्कारों की घोषणा हर साल गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर की जाती है। 

इस साल इतने लोगों को दिया गया सम्मान
2024 के लिए राष्ट्रपति ने 132 पद्म पुरस्कारों का एलान किया था, जिसमें दो युगल मामले (पुरस्कार को एक के रूप में गिना जाता है) शामिल हैं। 32 पद्म पुरस्कारों में पांच पद्म विभूषण, 17 पद्म भूषण और 110 पद्म श्री पुरस्कार शामिल हैं। विजेताओं में से 30 महिलाएं हैं। इसके साथ ही विदेशी, एनआरआई, पीआईओ, ओसीआई श्रेणी के आठ लोग और नौ मरणोपरांत पुरस्कार विजेता भी सूची में शामिल हैं।