छत्तीसगढ़ : छुई खदान धंसी, एक युवक की मौत, एक महिला गंभीर, 10 ग्रामीण निकाल रहे थे छुई मिट्टी, तभी हुआ हादसा

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के छुई खदान में बड़ा हादसा हुआ है। यहां छुही मिट्टी खदान धंसने से महिला सहित दो लोग खदान के अंदर फंस गए, जिसकी सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने रेस्क्यू कर दोनों को बाहर निकाला, जिसमें युवक की मौत हो गई वहीं महिला की हालत गंभीर बनी हुई है। जिसका ओडगी अस्पताल में इलाज जारी है। घटना ओडगी ब्लॉक के लांजीत गांव की है।

जानकारी के मुताबिक 10 लोग छुई मिट्टी लेने खदान में आये हुए थे, तभी खदान धंस गया और एक महिला व एक युवक इसकी चपेट में आ गए। इधर, जैसे ही घटना की जानकारी ग्रामीणों को हुई तो मौके पर पहुंचे और दबे ग्रामीणों को निकालने रेस्क्यू शुरू किया गया। पुलिस भी हादसे की सूचना पर मौके पर पहुंची। ग्रामीणों और पुलिस की टीम ने रेस्क्यू कर युवक व महिला को निकाला। डॉक्टरों ने उपचार के दौरान युवक के मौत की पुष्टि की। वहीं, घटना में घायल महिला का इलाज जारी है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।