छत्तीसगढ़: परिणाम आते ही कांग्रेस के जीते प्रत्याशियों को बेंगलुरु भेजने की तैयारी, 72 सीटर चार्टर प्लेन बुक

रायपुर। विधानसभा चुनाव परिणाम सामने आने में अब सिर्फ दो दिन का समय रह गया है। एक ओर राजनीतिक दल अपनी-अपनी जीत का दावा कर रही हैं, वहीं हॉर्स ट्रेडिंग का डर भी सता रहा है। ऐसे में छत्तीसगढ़ कांग्रेस अपने प्रत्याशियों को एकजुट करने में जुट गई है।

बताया जा रहा है कि परिणाम आते ही जीते प्रत्याशियों को बेंगलुरु भेजने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए कांग्रेस ने 72 सीटर चार्टर प्लेन भी बुक करा लिया है। इसमें जीते विधायकों के साथ ही पार्टी के नेता भी होंगे। सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस के लिए कर्नाटक सबसे मुफीद जगह है।

कांग्रेस सूत्रों की मानें तो सभी प्रत्याशियों को जीत के बाद सर्टिफिकेट लेकर सीधे रायपुर आने को कहा गया है। चर्चा है की वीआईपी रोड पर एक निजी होटल में प्रत्याशियों के रुकने की व्यवस्था की जा रही है। सभी प्रत्याशी रात भर एक साथ यहीं रुकेंगे।

सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस पार्टी के बस्तर से लेकर सरगुजा तक के प्रत्याशियों को आने में जो समय लगेगा। इसे ध्यान में रखते हुए दूसरे दिन यानी 4 दिसंबर को सभी जीते हुए प्रत्याशियों को बेंगलुरु भेजा जाएगा। पहले दिन सभी को रायपुर आने के लिए कहा गया है।

कांग्रेस पार्टी ने 2018 में ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी। परिणाम आए तो कांग्रेस के 68 प्रत्याशी जीत कर विधायक बने। इस बार स्थितियां कांग्रेस के इतने भी अनुकूल नहीं है। पार्टी को डर है कि अगर बहुमत आता है और जीतने वाले विधायकों की संख्या 50-55 के बीच रही तो हॉर्स ट्रेडिंग का खतरा बढ़ जाएगा।

2018 में कांग्रेस पार्टी ने मध्यप्रदेश में अपनी सरकार बना ली थी। सरकार बनाने के डेढ़ साल बाद ही कुछ विधायक कांग्रेस का हाथ छोड़ बीजेपी में शामिल हो गए। इसके चलते कांग्रेस की सरकार गिरा दी गई थी। एमपी के अलावा महाराष्ट्र जैसे कई राज्यों से सबक लेते हुए छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी है।