‘बहुसंख्यक होने के बावजूद हिंदुओं की मानसिकता अल्पसंख्यकों वाली’, फ्रांस के पत्रकार का बयान

French journalist Francois Gautier statement on Hindus Chattrapati Shivaji Maharaj Museum

वाशिंगटन। फ्रेंच पत्रकार फ्रांस्वा गॉटियर ने हिंदू समुदाय को लेकर एक बड़ा बयान दिया है। उन्होंने हिंदुओं में अभी भी अल्पसंख्यक मानसिकता और भाईचारे में कमी बताया है। गॉटियर इन दिनों अमेरिका में अपने द्वारा भारत के महाराष्ट्र के पुणे शहर में स्थापित छत्रपति शिवाजी महाराज म्यूजियम के लिए धन जुटाने में लगे हुए हैं। उन्होंने अमेरिका में आयोजित आर्ट ऑफ लिविंग के विश्व सांस्कृतिक त्योहार में भी हिस्सा लिया था। 

एक इंटरव्यू के दौरान गॉटियर ने कहा, ‘इतिहास से सबक यह है कि हिंदुओं को लड़ना चाहिए। विश्व में आज भी हिदू धर्म पर हमले हो रहे हैं। चाहे वह पाकिस्तान हो या अफगानिस्तान या फिर ईसाई मिशनरियों द्वारा धर्मान्तरण हो यह अब भारत में एक बहुत बड़ी समस्या है, खासकर दक्षिणी भारत और पंजाब में। या फिर यह कहा जाए कि यह भारत का पश्चिमीकरण है जो केबल टीवी के माध्यम से हो रहा है।’ 

विश्व स्तर पर हिंदुओं की स्थिति के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ‘दुनिया में हर जगह सरकारों द्वारा भारत के बारे में लोगों को जागरूक करने के लिए भारतविदों को भेजा जाता है। ये वो लोग हैं जो कहते हैं कि हिंदू कट्टरवाद इस्लामिक कट्टरवाद जितना ही खतरनाक है, जो कि बिलकुल भी सच नहीं है। क्योंकि हिंदू कभी भी भारत से बाहर नहीं गया और न ही अपना अलग धर्म स्थापित किया जैसा कि ईसाई धर्म ने दक्षिण अमेरिका में किया और अन्य सभ्यताओं को मिटा दिया। इस्लाम ने भी मिस्र में जाकर वहां की सभ्यता को मिटा दिया। हिंदुओं ने कभी भी धर्म बदलने या बदलवाने की कोशिश नहीं की।’ 

बहुसंख्यक होने के बावजूद मानसिकता अल्पसंख्यक:  गॉटियर 
यह देखते हुए कि 1.3 अरब की आबादी वाले भारत में हिंदू बहुसंख्यक हैं और हिंदू धर्म दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा धर्म है, उन्होंने हिंदुओं को शांतिपूर्ण लोग बताया। फ्रेंच पत्रकार ने आगे कहा, ‘लेकिन उनकी मानसिकता अल्पसंख्यक है। यह एक बहुत बड़ी समस्या है। भारत में भले ही वह बहुसंख्यक है, लेकिन मानसिकता से वे अल्पसंख्यक है।’ 

शिवाजी महाराज म्यूजियम पर बात करते हुए गॉटियर ने कहा, ‘मैं उनका सम्मान करता हूं, क्योंकि साहस असाधारण था। उनका साहस बुद्धिमता से भी अधिक था। लेकिन हिंदुओं पर इतना अत्याचार किया गया, उन पर इतनी क्रूरता से हमला किया गया, हत्याएं की गईं और दुष्कर्म किए गए कि आज हिंदुओं में डर की मानसिकता है।’  

गॉटियर ने हिंदुओं को विश्व का सबसे सहिष्णु लोग बताया है। उन्होंने कहा, ‘पीएम मोदी कहते हैं कि वह मुस्लिमों, ईसाईयों पश्चिमी लोगों से लेकर हर किसी के पास पहुंचते हैं। जो कोई भी यह कहता है कि हिन्दू कट्टरवाद का उदय हो रहा है, यह बिल्कुल गलत है।’ फ्रेंच पत्रकार ने बताया कि इसी वजह से वह म्यूजियम बना रहे हैं।