छत्तीसगढ़: सांप के काटने से मां-बेटे की मौत,पिता की हालत गंभीर; शादी से लौटकर जमीन पर सो गए थे तीनों

सांप के काटने से मां और उसके बेटे की मौत हो गई। - Dainik Bhaskar

सरगुजा। जिले के कतकालो गांव में सांप के काटने से मां-बेटे की मौत हो गई है। महिला के पति की हालत गंभीर है। इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मां-बेटे के शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। मामला सीतापुर थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, कतकालो गांव में गुरुवार की रात किसी के घर में शादी थी। जिसमें शामिल होने के लिए विजय मांझी (48 वर्ष) अपनी पत्नी सुमित्रा (45 वर्ष) और बेटे शहद राम (25 वर्ष) के साथ गया हुआ था। शादी में तीनों ने खाना खाया और वापस घर लौट आए। इसके बाद पति-पत्नी दोनों एक कमरे में और दूसरे कमरे में बेटा सो गया। तीनों थक कर जमीन पर ही सो गए थे। रात में तीनों को जहरीले सांप ने काट लिया।

शुक्रवार सुबह महिला सुमित्रा मांझी अपने घर में मृत पाई गई। वहीं पिता विजय और बेटे शहद की हालत बहुत गंभीर थी। उनके गले में भी बहुत दर्द हो रहा था। ग्रामीणों ने पिता और बेटे को सीतापुर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां बेटे ने भी थोड़ी देर के बाद इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

बताया जा रहा है कि, किसी को भी नहीं पता था कि उन्हें सांप ने डसा है, डॉक्टरों ने जांच के बाद इस बात की पुष्टि हुई है। पोस्टमॉर्टम करने वाले डॉक्टरों ने बताया कि महिला और बेटे की मौत सांप के काटने से हुई है। वहीं पिता का इलाज कर रहे डॉक्टर ने भी बताया कि व्यक्ति को किसी जहरीले सांप ने काटा है।