छत्तीसगढ़: महिला से गैंगरेप, फिर हत्या, घर से 500 मीटर दूर पेड़ के नीचे मिली लाश, मौके पर मिली कान की बाली और घसीटने के निशान

दंतेवाड़ा। जिले के एक गांव में शादीशुदा महिला की नग्न अवस्था में लाश मिली है। शरीर में कई जगह चोट के निशान भी मिले हैं। परिजनों समेत गांव वालों का आरोप है कि, उसके साथ गैंगरेप हुआ है। घर से लगभग 500 मीटर की दूरी पर दरिंदगी हुई है। मौके पर घसीटने के निशान के साथ महिला की कान की बाली मिली है।

गांव वालों के मुताबिक, जिस जगह वारदात हुई है वहां नशेड़ियों का अड्डा रहता है। यह करतूत उन्हीं की है। उधर, पुलिस का कहना है कि, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सच्चाई सामने आएगी।

दंतेवाड़ा जिले के हाऊरनार ग्राम पंचायत के कानुपारा में वारदात हुई है। यह गांव गीदम नगर पंचायत से लगा हुआ है। 28 मई की शाम करीब 6 बजे इलाके की एक 25 वर्षीय शादीशुदा महिला कुएं से पानी भरने गई थी। घर से कुएं की दूरी महज 500 मीटर है। जब शाम 7 से 8 के बीच तक वो घर नहीं लौटी तो परिजन उसे ढूंढने निकले। अंधेरे की वजह से टॉर्च की रोशनी से उसे ढूंढना शुरू किया गया।

परिजन और ग्रामीण सबसे पहले कुएं के पास पहुंचे। जहां उसके पति के कपड़े मिले जिसे वो धोने लाई थी। हालांकि, वहां महिला नहीं दिखी। फिर आस-पास उसे ढूंढा गया। खोजते हुए आगे बढ़े तो कुछ दूरी पर बाल्टी पड़ी हुई मिली। जिस जगह बाल्टी मिली उसके अपोजिट साइड झाड़ियों के पास घसीटने के भी निशान मिले।

इसी पेड़ के नीचे मिली थी महिला की लाश।

इसी पेड़ के नीचे मिली थी महिला की लाश।

जिसके आधार पर ग्रामीण आगे बढ़े। कुएं से करीब 60 मीटर और घर से करीब 500 मीटर दूर झाड़ियों के पीछे महुआ पेड़ के नीचे महिला की लाश मिली। जो नग्न अवस्था में थी। इलाके के ग्रामीणों ने बताया कि, महिला का गला कपड़े से लपेटा हुआ था। उसके आधे कपड़े लाश के कुछ दूरी पर पड़े हुए थे, जो पूरी तरह से फटे हुए थे। महिला के शरीर में कई जगह चोट के निशान थे।

रात में ही तत्काल महिला को अस्पताल लेकर गए। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। इधर, गांव वालों में भी अब भारी आक्रोश देखने को मिला। ग्रामीणों ने कहा कि, जहां हमारे गांव की बहू के साथ दरिंदगी हुई है उसी जगह पर रोजाना जुआरियों और नशेड़ियों का जमावड़ा रहता है। बाहर के नशेड़ी यहीं आकर रात करीब 12 बजे तक डेरा जमाए रहते हैं।

गांव के लोगों ने पुलिस से भी मांग की है कि, यहां आने वाले जुआरी और नशेड़ियों का पता लगाया जाए। जिससे मामले का खुलासा होगा। सोमवार को शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया है। पूरे गांव में मातम पसरा रहा। महिला के भाई ने बताया कि 3 साल पहले बहन की शादी हुई थी। हम बेहद खुश थे। अब उसके साथ ऐसी दरिंदगी हो गई है। आरोपियों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए।

इधर, SDOP आशारानी ने कहा कि, गांव में महिला की लाश मिलने की खबर मिली थी। जब तक हम पहुंचे तो गांव वाले शव को अस्पताल लेकर आ गए थे। पोस्टमॉर्टम किया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा आखिर महिला के साथ हुआ क्या था?