छत्तीसगढ़ः ठंडी हवाओं और बारिश ने दिलाई उमस से राहत, कुछ क्षेत्रों में गिरे ओले; आज भी आंधी- बारिश के आसार

रायपुर।  बंगाल की खाड़ी से आ रही नम हवाओं के प्रभाव से शनिवार देर शाम रायपुर सहित प्रदेश भर में मौसम का मिजाज बदला। तेज हवाओं के साथ ही हल्की वर्षा भी हुई, इसके चलते मौसम भी खुशनुमा हो गया और गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग का कहना है कि आज रविवार को भी प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में अंधड़ के साथ ही वर्षा के आसार बने हुए हैं। कुछ क्षेत्रों में बिजली भी गिर सकती है। बारिश व नम हवाओं के कारण शनिवार को रायपुर सहित अधिकांश क्षेत्रों में अधिकतम तापमान में गिरावट आई।

शनिवार सुबह से ही बादलों की आंखमिचौली बनी रही। तेज धूप से साथ बादल छाने व ठंडी हवाओं के कारण गर्मी से राहत बनी रही। इसके साथ ही बिलासपुर संभाग, बस्तर संभाग में अधिकतम तापमान में ज्यादा गिरावट रही। देर शाम को रायपुर, रायगढ़, महासमुंद, मानपुर, जशपुर, राजनांदगांव सहित विभिन्न क्षेत्रों में अंधड़ के साथ वर्षा हुई, कुछ क्षेत्रों में तो ओले भी गिरे। रायपुर में करीब शाम छह बजे गरज चमक के साथ हल्की बूंदाबांदी हुई। इसके बाद जोरदार बारिश होने लगी है और मौसम भी खुशनुमा हो गया। बारिश व तेज हवाओं के कारण कई क्षेत्रों में बिजली गुल भी हो गई, साथ ही कुछ क्षेत्रों में होर्डिंग्स भी उड़े। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि अभी चार से पांच दिन गर्मी से राहत रहेगी और मौसम का मिजाज ऐसा ही रहेगा।

मौसम विज्ञानियों का कहना है कि अभी कुछ दिन प्रदेश में मौसम का मिजाज ऐसा ही रहेगा, लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिलती रहेगी। कुछ क्षेत्रों के लिए यलो अलर्ट भी जारी किया गया है। 25 अप्रैल से मौसम का मिजाज थोड़ा बदलेगा और गर्मी बढ़ सकती है। रायपुर का अधिकतम तापमान 38.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस कम रहा। इसी प्रकार बिलासपुर में अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री, पेंड्रा रोड में 31.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बिलासपुर में अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम और पेंड्रा रोड में अधिकतम तापमान सामान्य से सात डिग्री कम रहा।

यह बन रहा सिस्टम

मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि द्रोणिका के प्रभाव से रविवार को भी प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में गरज चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। इसके साथ ही कुछ क्षेत्रों में बिजली भी गिर सकती है। अधिकतम तापमान में विशेष बदलाव नहीं होगा।