छत्तीसगढ़ः चक्रवात से बदला प्रदेश का मौसम, अगले तीन-चार दिनों तक आंधी-बारिश का अलर्ट, मिलेगी गर्मी से राहत

रायपुर। छत्‍तीसगढ़ में इन दिनों हर दिन हो रही हल्की वर्षा ने गर्मी के प्रभाव को काफी कमजोर कर दिया है। इसका असर तापमान पर भी देखा जा रहा है। सामान्य तौर पर मार्च के अंतिम दिनों में तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास होता है। सप्ताहभर से यह 34 डिग्री से कम पर ही है। रविवार को भी शाम को अचानक मौसम बदल गया। आसपास हुई वर्षा का असर राजधानी में देखा गया। राजधानी में ठंडी हवाएं चलनी लगी और तापमान में गिरावट गिरावट देखी गई।

मौसम में बदलाव से गर्मी से मिली राहत

बदली-वर्षा के कारण मौसम में आया बदलाव अगले कुछ दिन राहत देने वाला होगा। चार दिन में अधिकतम तापमान में 2.6 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई है। इससे गर्मी से राहत तो मिली है, लेकिन हवा की गति थमने के कारण उमस परेशान कर रहा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक वातावरण में स्थिरता बनी रह सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण हरियाणा और उससे लगे राजस्थान के ऊपर स्थित है। एक द्रोणिका/हवा की अनियमित गति कर्नाटक से पूर्वी उत्तर प्रदेश तक स्थित है। इसके प्रभाव से 27 मार्च को एक दो स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने अथवा गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। एक-दो स्थानों पर गरज चमक के साथ अंधड़ चलने, वज्रपात होने की संभावना है। मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि अधिकतम तापमान में विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है।