Chhattisgarh: जवानों से मुठभेड़ में जान बचाकर भागे नक्सली, कई के मारे जाने का दावा, कुछ संदिग्ध हिरासत में

सांकेतिक फोटो

बीजापुर। जिले में बुधवार को पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में कई नक्सलियों को गोली लगने की खबर है। बताया जा रहा है कि, जवानों को भारी पड़ता देख माओवादी जंगल का सहारा लेकर भाग निकले हैं। घटना स्थल की सर्चिंग के दौरान जवानों ने भारी मात्रा में नक्सलियों का सामान भी बरामद किया है। साथ ही कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। मामला जिले के तर्रेम थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, बीजापुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गुंडम और छुटवाई के जंगलों में भारी संख्या में माओवादी मौजूद हैं। नक्सलियों मौजूदगी की सूचना के आधार पर DRG, STF और कोबरा बटालियन की संयुक्त पार्टी को मौके के लिए रवाना किया गया था। जैसे ही जवान जंगल में पहुंचे वहां घात लगाकर बैठे माओवादियों ने जवानों पर गोलियां बरसानी शुरू कर दी। हालांकि, समय रहते सुरक्षाबलों ने भी मोर्चा संभाला। नक्सलियों की गोलियों का मुंहतोड़ जवाब दिया।

बताया जा रहा है कि, करीब 20 से 25 मिनट तक हुई गोलीबारी हुई। जवाबी कार्रवाई में नक्सलियों को गोली लगने की भी खबर सामने आ रही है। घटना स्थल पर खून के निशान भी मिले हैं। जवानों को भारी पड़ता देख माओवादी जंगल का सहारा लेकर भाग निकले हैं। घटना स्थल के पास से जवानों ने 2 से 3 संदिग्धों को पकड़ा है। फिलहाल इस मामले की आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं हुई है।