Korba: दीवार पर लिखा था- मेरा पति निर्दोष है, मैं मर रही हूं और जमीन पर पड़ा था शव; परिजन बोले- फांसी लगाई

महिला की मौत के बाद जांच के लिए पहुंची पुलिस।

कोरबा। कोरबा जिले में मंगलवार को एक महिला का शव उसके ही घर पर पड़ा मिला। दीवार पर लिखा हुआ था कि ‘मेरा पति निर्दोष है, मैं मर रहीं हूं’। पुलिस पहुंची तो शव जमीन पर पड़ा हुआ था। वहीं परिजनों का कहना है कि महिला ने फांसी लगाकर जान दी है। फिलहाल पुलिस मामले को संदिग्ध मान रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और महिला के पति से पूछताछ की जा रही है। मामला कुसमुंडा थाना क्षेत्र का है। 

पति बोला- आंगन में लटका हुआ था शव
जानकारी के मुताबिक, वार्ड-56 भैरोताल निवासी जमुना श्रीवास (25) की शादी करीब चार साल पहले सुमित श्रीवास से हुई थी। दोनों की दो साल और तीन साल की दो बेटियां भी हैं। सुमित भैरोताल चौक के पास सैलून संचालित करता है। वह रोज की तरह सोमवार सुबह नाश्ता कर दुकान चला गया था। रात को सभी ने साथ में खाना खाया। फिर सोने चले गए। अगले दिन देखा तो आंगन में गमछे से जमुना का शव लटका हुआ था।  

पति-पत्नी के बीच अक्सर होता था विवाद
पति सुमित ने पुलिस को बताया कि उसने जमुना को लटके देखा तो गमछी काटी और उसे नीचे उतारा। हालांकि तब तक जमुना की मौत हो चुकी थी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। फिलहाल पुलिस पूरी कहानी को संदिग्ध मानकर चल रही है। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच अक्सर ही विवाद होता रहता था। इसकी जाकारी आसपास के लोगों को भी है। सोमवार रात को भी दोनों के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद यह घटना हुई।