बिलासपुरः पत्नी और सास पर रॉड से जानलेवा हमला, लव मैरिज के बाद से करता था मारपीट, पत्नी ने पुलिस से शिकायत की तो कर दिया अटैक

बिलासपुर।बिलासपुर में एक युवक ने सरेराह अपनी पत्नी और सास पर रॉड से हमला कर दिया, जिससे मां-बेटी गंभीर रूप घायल होकर बदहवास सड़क पर पड़ी रहीं। उन्हें इलाज के लिए सिम्स में भर्ती कराया गया है। युवक ने तीन साल पहले लव मैरिज किया था, जिसके बाद आए दिन अपनी पत्नी से मारपीट करता था। परेशान होकर उसने पुलिस से शिकायत कर दी, तब नाराज पति ने जानलेवा हमला कर दिया। वारदात के बाद से आरोपी फरार है। मामला सरकंडा थाना क्षेत्र का है। अशोक नगर मुरूम खदान स्थित अटल आवास में रहने वाली पूजा साहू (20) ने तीन साल पहले अशोक नगर के ही जितेंद्र साहू के साथ प्रेम विवाह किया। पूजा की एक साल की बेटी भी है। इसके बाद जितेंद्र अपनी पत्नी पूजा के साथ छोटी-छोटी बातों को लेकर विवाद करने लगा विरोध करने पर मारपीट करता था। जितेंद्र की आए दिन प्रताड़ना से प्ररेशान होकर पूजा अपने मायके आ गई। वह तीन माह से अपनी मां संतोषी गुप्ता के साथ रह रही है। उसने अपने पति के खिलाफ महिला थाने में शिकायत भी की थी।

हमले में घायल मां-बेटी सड़क पर बेहोश पड़ी थीं। - Dainik Bhaskar

हमले में घायल मां-बेटी सड़क पर बेहोश पड़ी थीं।

मां के साथ पैदल जा रही थी तभी पति ने किया हमला
गुस्र्वार की सुबह पूजा अपनी मां संतोषी गुप्ता के साथ मजदूरी करने पैदल जा रही थी। अभी दोनों अशोक नगर के काली मंदिर के पास पहुंची थीं। तभी जितेंद्र साहू पीछे से आया और राड से सास संतोषी गुप्ता के सिर पर जानलेवा हमला कर दिया। इसके बाद पूजा पर भी वार किया। इस हमले में उसकी सास संतोषी और पूजा बेहोश होकर जमीन पर गिर गई। दोनों को मरा हुआ समझकर जितेंद्र साहू फरार हो गया। वहां से गुजरने वाले लोगों ने खून से लथपथ मां-बेटी को देखकर डायल 112 को सूचना दी। पुलिस की टीम आरक्षक राजेश और चालक संदीप गोस्वामी घटना स्थल पहुंचे और घायल मां-बेटी को सिम्स में भर्ती कराया।

घायल मां-बेटी का बयान दर्ज करती पुलिस। - Dainik Bhaskar

घायल मां-बेटी का बयान दर्ज करती पुलिस।

महिला थाने में चल रही है काउंसलिंग, पति के पक्ष में पुलिस 
मायके में रह रही पूजा अपने पति के खिलाफ महिला थाना में शिकायत की थी, जिस पर पुलिस ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की है। उसके केस में पुलिस काउंसलिंग करा रही है। 21 दिसंबर को आखिरी काउंसिलिंग थी। इस दौरान दोनों पक्ष थाना पहुंचे थे। दोनों पक्षों की सुनवाई करने के बाद थाना प्रभारी ने जितेंद्र के पक्ष में फैसला देते हुए प्रकरण को निरस्त कर दिया। इसके दूसरे ही दिन जितेंद्र ने रॉड से पत्नी पूजा और सास संतोषी पर जानलेवा हमला कर दिया।

वारदात के बाद से आरोपी युवक फरार है। - Dainik Bhaskar

वारदात के बाद से आरोपी युवक फरार है।

सुबह की घटना और शाम को बयान दर्ज करने पहुंची पुलिस 
गुस्र्वार की सुबह 10 बजे आरोपी जितेंद्र अपनी पत्नी व सास पर जानलेवा हमला कर फरार हो गया। इस घटना की जानकारी सरकंडा पुलिस को सुबह मिल गई थी। लेकिन, घटना के छह घंटे बाद शाम को सरकंडा पुलिस बयान दर्ज करने सिम्स पहुंची। सिम्स में तत्काल इलाज शुरू होने के बाद घायलों की स्थिति सामान्य है।