छत्तीसगढ़ः पेंड्रा रोड-अंबिकापुर में शीतलहर, रायपुर का पारा सामान्य से दो डिग्री ज्यादा

रायपुर। प्रदेश में एक बार फिर से मौसम का मिजाज बदलने लगा है। न्यूनतम तापमान में एक बार फिर से बढ़ोतरी होने लगी है। पेंड्रारोड, अंबिकापुर क्षेत्र में,जहां शीतलहर के हालात है। वहीं रायपुर का पारा सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। मौसम विभाग का कहना है कि 24 दिसंबर तक न्यूनतम तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी की संभावना है। इसकी वजह से ठंड थोड़ी कम पड़ेगी। अगले सप्ताह से न्यूनतम तापमान में गिरावट का दौर शुरू होगा। 28 दिसंबर से ठिठुरन बढ़ने की संभावना है। मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि प्रदेश में उत्तर से शुष्क व ठंडी हवाएं आ रही हैं। इसके प्रभाव से गुरुवार को न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव नहीं होगा। हालांकि न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी का दौर शुरू होगा।

बुधवार को रायपुर सहित प्रदेश भर में मौसम शुष्क रहा। न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी के चलते प्रदेश के अन्य क्षेत्रों की अपेक्षा रायपुर में ठंड कम है। रायपुर में अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 09.4 डिग्री सेल्सियस और अंबिकापुर में 09.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस प्रकार अधिकतम व न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहा।

पिछले साल नवंबर में पड़ी थी ज्यादा ठंड

पिछले साल नवंबर में ज्यादा ठंड पड़ी थी और रायपुर का न्यूनतम तापमान भी नौ वर्षों के स्तर पर पहुंच गया था। ठंड ज्यादा पड़ने की वजह से नवंबर में गर्म कपड़ों की बिक्री भी ज्यादा रही थी। दिसंबर में अभी तक गर्म कपड़ों की बिक्री में भी गिरावट आई है।

आफरों के बाद भी कारोबार सुस्त

दिसंबर को समाप्त होने में बस दस दिन और बचे है। ऐसे में गर्म कपड़ों का कारोबार भी बिल्कुल सुस्त बना हुआ है। दिसंबर की अपेक्षा तो नवंबर में गर्म कपड़ों के कारोबार की रफ्तार काफी अच्छी रही। नवंबर की तुलना में अभी तक 25 प्रतिशत कारोबार कम हो गया है।