बिलासपुरः हत्या के आरोपी को जमानत दिलाने के नाम पर ठगी, खुद को बताया जेल अफसर और 1 लाख 86 हजार रुपए लेकर गायब

पुलिस ने इस केस में ठगी करने वाले आरोपी के खिलाफ भी मामला दर्ज कर लिया है। - Dainik Bhaskar

बिलासपुर। बिलासपुर में ससुर की हत्या के आरोप में जेल में बंद आरोपी की जमानत कराने के नाम पर उसकी पत्नी से 1 लाख 86 हजार रुपए ठगी करने का मामला सामने आया है। आरोपी की पत्नी जब जेल में अपने पति से मिलने जाती थी, तब उसकी पहचान कथित जेल अफसर से हुई थी। उसने अपने आप को जेल का अधिकारी बताकर उसके पति की जमानत करने के नाम पर पैसे वसूल लिए। धोखाधड़ी करने के बाद से कथित जेल अफसर गायब है। पुलिस ने महिला की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है। मामला तोरवा थाना क्षेत्र का है।

तोरवा क्षेत्र के देवरीखुर्द बरखदान की रहने वाली प्रियंका सोनी ने पुलिस को बताया कि उसका पति दीपक सोनी हत्या के केस में जांजगीर-चांपा जिले के सक्ती जेल में बंद है। दीपक पर अपने ससुर की हत्या करने का आरोप है। महिला बीच-बीच में अपने पति से मिलने जेल जाती है। करीब सात माह पहले योगेश खूंटे से जेल में महिला का परिचय हुआ था।

बोला- पैसे देने पर जल्दी जमानत करा देगा
महिला ने बताया कि योगेश खूंटे पामगढ़ क्षेत्र का रहने वाला है। वह अपने आप को जेल का अधिकारी बताता था। वह जेल में ही उससे मिलता था। करीब सात माह पहले उसने महिला को मोबाइल पर कॉल किया और उसके पति की जमानत कराने का झांसा दिया। बातचीत के दौरान उसने महिला के पति का केस हिस्ट्री भी बताया, जिससे महिला उसके भरोसे में आ गई। इसी दौरान योगेश खूंटे ने महिला को फोन किया और बताया कि वह ऑफिस काम से बिलासपुर आया है। वह महिला से मिला और 50 हजार रुपए की मांग करने लगा। महिला ने 15 दिन के भीतर रुपयों की व्यवस्था की और 50 हजार रुपए दे दिए।

बैंक अकाउंट में भी जमा करती रही पैसे
रुपए लेने के बाद ठग चला गया और जल्दी जमानत कराने का भरोसा दिलाया। इस दौरान उसने मोबाइल से कॉल किया और महिला को 1 लाख 36 हजार रुपए देने के लिए बोला। उसके झांसे में आई महिला अलग-अलग किश्तों में उसके बैंक अकाउंट में रकम जमा करती रही। 1 लाख 86 हजार रुपए देने के बाद भी उसके पति का न तो जमानत हुआ और न ही ठग ने भी कोई जानकारी नहीं दी। कुछ समय बाद ठग भी गायब हो गया और उसका कुछ पता नहीं चला। इससे परेशान होकर महिला ने तोरवा थाने में शिकायत दर्ज कराई। उसकी रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।