SL vs NAM: टी20 विश्व कप के पहले मैच में बड़ा उलटफेर, नामीबिया ने एशियाई चैंपियन श्रीलंका को 55 रन से हराया 

श्रीलंका बनाम नामीबिया

श्रीलंका बनाम नामीबिया – फोटो : सोशल मीडिया

गीलॉन्ग। टी-20 वर्ल्ड कप के पहले ही मैच में सबसे बड़ा उलटफेर हो गया। रविवार को क्वालिफाइंग मुकाबले में नामीबिया ने श्रीलंका जैसी दिग्गज टीम को 55 रनों से हरा दिया। नामीबिया ने 164 का टारगेट दिया था। श्रीलंका की पूरी टीम 108 रनों पर सिमट गई। नामीबिया के ऑलराउंडर्स ने मैच का पासा पलटा। जेन फ्राईलिंक और जेजे स्मिट ने 69 रनों की पार्टनरशिप की। दोनों ने अहम मौकों पर श्रीलंका के 3 अहम विकेट भी चटकाए।

इस जीत के हीरो जेन फ्राईलिंक रहे। उन्होंने बैट-बॉल दोनों से परफॉर्म किया। 28 साल के फ्राईलिंक ने पहले तो 44 रनों की पारी खेली। फिर 2 अहम विकेट भी चटकाए। उनके अलावा डेविड विसे, बर्नार्ड शोल्ट्ज़ और बेन शिकोंगो को भी दो-दो विकेट मिले। फ्राईलिंक को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

ऐसे गिरे श्रीलंका के विकेट 

  • पहला: दूसरे ओवर की चौथी बॉल में 12 के टीम स्कोर पर कुशल मेंडिस (6) डेविड विसे की गेंद पर कीपर ग्रीन को कैच दे बैठे।
  • दूसरा: टीम स्कोर 21 रन ही पहुंचा था कि बेन शिकोंगो ने पथुम निसांका (9) को स्मिट के हाथ कैच कराया।
  • तीसरा: 21 रन पर ही दनुष्का गुणथिलका बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। शिकोंगो की बॉल हल्का एज लेते हुए विकेट के पीछे ग्रीन के दस्तानों में पहुंच गई।
  • चौथा: 6.3 ओवर की तीसरी बॉल में धनंजय डी सिल्वा (12) को फ्राईलिंक ने शिकोंगो के हाथ कैच कराया।
  • पांचवां: राजपक्षे 11वें ओवर में शोल्ट्ज़ का शिकार बने। उन्हें शोल्ट्ज़ ने कुक के हाथ कैच कराया। दोनों के बीच 34 रनों की उपयोगी साझेदारी हुई।
  • छठवां: हसरंगा भी बड़ी पारी नहीं खेल सके। वे 4 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें शोल्ट्ज़ लिंगेन के हाथ कैच कराया।
  • सातवां: श्रीलंका की आखिरी उम्मीद कप्तान दासुन शनाका (29) फ्राईलिंक की गेंद पर विकेट के पीछे आउट हुए।
  • आठवां: 14.2 ओवर में प्रमोद मदुशन शून्य पर आउट हुए। उन्हें लिंगेन और ग्रीन ने रन आउट कर दिया।
  • नौवां: चमिका करुणारत्ने (5) को स्मिट ने बार्ड के हाथ कैच कराया।
  • दसवां: दुष्मंथा चमीरा के रूप में टीम का आखिरी विकेट गिरा। उन्हें विसे ने कप्तान इरास्मस के हाथ कैच कराया।

मैच के दो सबसे बड़े टर्निंग पॉइंट
पहला: 7वें विकेट के लिए नामीबिया की सबसे बड़ी साझेदारी, यहीं से मजबूती आई

पहले बल्लेबाजी कर रही नामीबिया के 6 विकेट 93 रन पर गिर चुके थे। 15वां ओवर चल रहा था। यहीं से फ्राइलिंक और जेजे स्मिट ने मैच पलटने की शुरुआत की। दोनों ने महज 33 गेंदों पर 69 रन की पार्टनरशिप कर दी और स्कोर 163 तक पहुंचा दिया।

दूसरा: 10वें ओवर तक मैच हाथ में था, इसके बाद राजपक्षे आउट और मैच फिसला
164 का पीछा कर रही श्रीलंका के 4 विकेट गिर चुके थे। राजपक्षे और शनाका पारी को संभाल रहे थे। दोनों ने 24 गेंदों पर 34 रन बनाकर स्कोर 70 पार पहुंचा दिया था। यहां तक श्रीलंका की मैच पर पकड़ बरकरार थी, लेकिन 11वें ओवर में भानुका राजपक्षे आउट हो गए। यहीं से श्रीलंका की हार तय हो गई।

नामीबिया ने सुपर-12 में दावा ठोका, श्रीलंका को अगले दोनों मैच जीतने होंगे
इस जीत के साथ ही नामीबिया ने सुपर-12 में प्रवेश पाने की प्रबल दावेदारी पेश की है। हालांकि उसे अभी तीन मुकाबले और खेलने हैं। दूसरी ओर इस करारी हार से 2014 की चैंपियन श्रीलंका की उम्मीदों को तगड़ा झटका लगा है। अगर उसे सुपर-12 में पहुंचना है तो शेष क्वालिफायर मुकाबले जीतने होंगे।

चमीरा ने नामीबिया को पहला झटका दिया। उन्होंने लिंगेन को आउट किया।

चमीरा ने नामीबिया को पहला झटका दिया। उन्होंने लिंगेन को आउट किया।

श्रीलंकाई कप्तान दासुन शनाका ने टॉस जीता और फील्डिंग चुनी।

श्रीलंकाई कप्तान दासुन शनाका ने टॉस जीता और फील्डिंग चुनी।

श्रीलंका और नामीबिया प्लेइंग-11
श्रीलंका : पथुम निसांका, कुशल मेंडिस,धनंजय डी सिल्वा, दनुष्का गुणथिलका, भानुका राजपक्षे, दासुन शनाका (कप्तान), वनिंदू हसारंगा, चमिका करुणारत्ने, महेश तीक्ष्णा, दुष्मंथा चमीरा, प्रमोद मदुशन।
नामीबिया: स्टीफन बार्ड, माइकल वैन लिंगेन, डिवॉन्ग ला कॉक, जान निकोल लॉफ़्टी-ईटन, गेरहार्ड मेरवे इरास्मस (कप्तान), जेन क्राईलिंक, डेविड विसे, जेन ग्रीन, जेजे स्मिट, बर्नार्ड शोल्ट्ज़, बेन शिकोंगो।