छत्तीसगढ़: अब कम होने लगा है वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर, अगले 4 दिनों में 5-6 डिग्री तक बढ़ेगा तापमान; रायपुर और बस्तर में आज हल्की बारिश के आसार

रायपुर । छत्तीसगढ़ में वेस्टर्न डिस्टरबेंस के कारण बस्तर संभाग के जिलों में और रायपुर में आज गरज चमक के साथ हल्की बूंदाबांदी की संभावना है। पिछले 24 घंटे में रायगढ़ के कापू में सबसे ज्यादा 51.5 मिली मीटर बारिश हुई, जबकि पिछले 3 दिन में बिजली गिरने से 3 लोगों की मौत हुई।

मौसम विभाग के मुताबिक अब वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर कम होने लगा है। अगले 24 घंटे प्रदेश का अधिकतम तापमान स्थिर रहेगा। अगले 4 दिनों तक उत्तर छत्तीसगढ़ यानी सरगुजा संभाग और उससे लगे जिलों में दिन के तापमान में 5-6 डिग्री की बढ़ोतरी होगी।

वहीं प्रदेश के बाकी हिस्सों में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री बढ़ोतरी की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक जशपुर, शंकरगढ़ में 50MM, सूरजपुर में 40MM, भैयाथान, अंतागढ़ ,कोचली में 30 मिमी बारिश हुई। वहीं प्रदेश के कई इलाकों में बारिश के साथ ओले भी गिरे हैं।

शनिवार को ऐसा रहा मौसम

शनिवार को सबसे अधिक अधिकतम तापमान 37.5 डिग्री राजनांदगांव में दर्ज किया गया। सबसे कम न्यूनतम तापमान 15.2 डिग्री अंबिकापुर में दर्ज किया गया। मौसम में आए बदलाव के कारण ज्यादातर हिस्सों में दिन का तापमान सामान्य से कम रहा।

रायपुर में मौसम साफ रहेगा

वहीं रायपुर में आज सुबह से बादल छाए हुए हैं। गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। तापमान 37 डिग्री और रात का तापमान 23 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। शनिवार को रायपुर में अधिकतम तापमान सामान्य से 2 डिग्री कम रहा। यहां दिन का तापमान 35 डिग्री और रात का तापमान 22.7 डिग्री दर्ज किया गया।

वहीं रायपुर के माना इलाकों में अधिकतम तापमान 34 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.5 डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान 21.6 डिग्री रहा, जो सामान्य से 0.6 डिग्री कम रहा। शनिवार को हल्के बादल छाए रहने से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली।

बिलासपुर में दिन का पारा सामान्य से 6 डिग्री कम रहा

बिलासपुर में शनिवार को दिन का तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से 6 डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान 21.1 डिग्री रहा, जो औसत से 0.7 डिग्री अधिक रहा। गौरेला पेंड्रा मरवाही में अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री रहा, जो सामान्य से करीब 4 डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान 18 डिग्री रहा।

बस्तर में आज हल्की बारिश के आसार

बस्तर संभाग के जिलों में आज गरज-चमक के साथ हल्की बौछारें पड़ने की संभावना है। शनिवार को जगदलपुर में अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री रहा। यह सामान्य से 2 डिग्री कम रहा। रात का तापमान 21.1 डिग्री दर्ज किया गया।

बिजली गिरने से 3 की मौत

बिजली गिरने से बलरामपुर में एक, MCB जिले में एक महिला और कोंडागांव में एक युवक की जान चली गई। वहीं कोरबा में आंधी के चलते राइस मिल की निर्माणाधीन दीवार गिर गई। जिससे काम कर रहे दो मजदूरों की मलबे में दबने से मौत हो गई और 6 घायल हैं।