
रायपुर । छत्तीसगढ़ में गर्मी का असर मार्च महीने में ही दिखने लगी है। गुरुवार को मौसम विभाग ने 13 जिलों में हीट वेव का अलर्ट दिया। इसी बीच रायपुर में कल अधिकतम तापमान 40 डिग्री के करीब पहुंच गया। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 3 दिन तापमान में 1 से 2 डिग्री की मामूली बढ़ोतरी होगी। प्रदेश में आज भी हीट-वेव जैसी स्थिति रहेगी।
मौसम विभाग ने 13 जिलों में हीट वेव का अलर्ट जारी किया है। अगले 24 घंटे में रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, बलौदाबाजार, कोरबा, रायगढ़, जांजगीर-चंपा, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, महासमुंद, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, राजनांदगांव, सक्ती, सारंगढ़-बिलाईगढ़ में तेज गर्मी पड़ेगी।
वहीं प्रदेश में सबसे कम रात तापमान 15.6 डिग्री अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक 16 मार्च के बाद दिन के तापमान में 2 से 3 डिग्री की हल्की गिरावट होने की संभावना है। इस समय प्रदेश के रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, सरगुजा और बस्तर संभाग के जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक चल रहा है।
रायपुर में आज भी 40 डिग्री रहेगा पारा
मौसम विभाग के अनुसार, आसमान साफ होने से सूरज की धूप सीधे जमीन पर आ रही है। इस कारण दिन गर्म हो गए हैं। रायपुर में आज होली के दिन भी अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री के आस-पास रहने की संभावना है।
गुरुवार को रायपुर में पारा 40 डिग्री के करीब यानि 39.8 डिग्री रहा यह नॉर्मल तापमान से 5.1 डिग्री ज्यादा है। न्यूनतम तापमान भी यहां 23.1 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। जो औसत से 4 डिग्री ज्यादा ही है।
बिलासपुर में दिन का पारा 40 डिग्री के करीब
बिलासपुर में गुरुवार को अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री रहा, जो सामान्य से 4.3 डिग्री ज्यादा है। वहीं न्यूनतम तापमान 20.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया जो नॉर्मल से 1.5 डिग्री ज्यादा रहा। गौरेला-पेन्ड्रा-मरवाही जिले में दिन का पारा 38.4 डिग्री रहा जो औसत से 6.8 डिग्री अधिक था। वहीं रात का तापमान 19.2 डिग्री रहा जो सामान्य से 1.6 डिग्री ज्यादा था।
सरगुजा में अधिकतम तापमान 4 डिग्री ज्यादा
सरगुजा संभाग के जिलों में भी दिन का पारा अधिक है वहीं रात का तापमान सामान्य से कम रहा। गुरुवार को अंबिकापुर में अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया जो औसत से 4.6 डिग्री ज्यादा था। रात का तापमान 15.6 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से 0.5 डिग्री कम था।
जगदलपुर में पारा 39 डिग्री के पार
यहां दिन-रात का तापमान सामान्य से ज्यादा रहा। अधिकतम तापमान 39 डिग्री रहा जो औसत से 3 डिग्री ज्यादा था। वही न्यूनतम तापमान 20.9 डिग्री रिकॉर्ड किया गया जो नॉर्मल टेंपरेचर से 2.1 डिग्री अधिक था।