
नई दिल्ली। संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में दो भारतीयों को फांसी की सजा दी गई है। दोनों भारत के केरल के निवासी थे और हत्याओं के मामले में जेल में बंद थे। भारतीय विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को इसकी पुष्टि की। विदेश मंत्रालय ने दोनों की पहचान मोहम्मद रिनाश और मुरलीधरन वलप्पिल के रूप में की है।
विदेश मंत्रालय ने दी जानकारी
विदेश मंत्रालय ने बताया कि संयुक्त अरब अमीरात की सर्वोच्च अदालत ने भी दोनों की फांसी की सजा पर मुहर लगाई थी, जिसके बाद दोनों को फांसी दे दी गई। मोहम्मद रिनाश को अमीरात के एक व्यक्ति की हत्या का दोषी पाया गया था। वहीं मुरलीधरन को एक भारतीय की हत्या का दोषी पाया गया था। संयुक्त अरब अमीरात की सरकार ने 28 फरवरी को दोनों के बारे में भारतीय दूतावास को जानकारी दे दी थी। विदेश मंत्रालय ने कहा कि दूतावास की तरफ से दोनों को सभी जरूरी कानूनी मदद दी गई थी। जिसमें दया याचिका भी शामिल है।
उल्लेखनीय है कि बीते महीने ही 33 वर्षीय भारतीय महिला शहजादी खान को भी संयुक्त अरब अमीरात में मौत की सजा दी गई थी। उत्तर प्रदेश की निवासी शहजादी पर चार माह के बच्चे को कथित तौर पर मारने का दोष साबित हुआ था। शहजादी बच्चे की देखभाल का काम करती थी, लेकिन रुटीन वैक्सीनेशन के बाद बच्चे की मौत हो गई और उसका आरोप शहजादी पर लगाया गया।