छत्तीसगढ़: प्रदेश में अगले 4 से 5 दिन बरसात, फिर गिरेगा रात का पारा; इस साल कड़ाके की ठंड पड़ने के आसार

रायपुर। राज्य के दक्षिणी हिस्से बस्तर में आज (बुधवार) से तीन दिन यानी 19 अक्टूबर (शनिवार) तक बारिश की चेतावनी है। संभाग के ज्यादातर जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। वहीं रायपुर, बिलासपुर और सरगुजा संभाग के जिलों में भी बौछारें पड़ सकती हैं।

मौसम विभाग के मुताबिक देशभर से मानसून लौट गया है। अगले दो से तीन दिनों में बस्तर से भी ये लौट सकता है। वहीं लौटते मानसून के असर से प्रदेश में 4 से 5 दिनों तक उत्तरी और दक्षिण छत्तीसगढ़ के कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है।

मौसम विज्ञानियों के मुताबिक इस साल कड़ाके की ठंड पड़ने के आसार हैं। मानसून की विदाई के बाद मौसम ड्राई हो जाता है, जिसके कारण रात के तापमान में गिरावट होने लगती है। अक्टूबर के आखिरी दिनों में रात के तापमान में गिरावट का दौर शुरू होगा।

मंगलवार को प्रदेश में सबसे ज्यादा सुकमा जिले के कोंटा में 120 मिलीमीटर बारिश हुई। वहीं मंगलवार को दंतेवाड़ा सबसे गर्म रहा, यहां अधिक 35.0 डिग्री रहा। वहीं पेंड्रा सबसे ठंडा रहा यहां न्यूनतम तापमान 19.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।

प्रदेश में बारिश थमने के बाद दिन का पारा सामान्य से ऊपर है। मंगलवार को रायपुर में दिन का तापमान 34.6 डिग्री रहा जो औसत से 2.3 डिग्री अधिक था। वहीं बिलासपुर में दिन का पारा 33 डिग्री, अंबिकापुर में 31.9 डिग्री तापमान रहा जो सामान्य से 2.4 डिग्री ज्यादा था। जगदलपुर में 33.4 डिग्री तापमान रहा जो औसत से 2.5 डिग्री अधिक था। दुर्ग में अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री दर्ज किया गया।