छत्तीसगढ़: जादू-टोने के शक में 5 लोगों की हत्या, मृतकों में एक परिवार की 3 महिलाएं; 4 दिन पहले भी हुई थी ऐसी ही वारदात

मृतकों में एक परिवार की 3 महिलाएं; 4 दिन पहले भी हुई थी ऐसी वारदात|छत्तीसगढ़,Chhattisgarh - Dainik Bhaskar

सुकमा। जिले में जादू-टोने के शक में एक ही परिवार के 5 लोगों की हत्या कर दी गई।इनमें 3 महिला और 2 पुरुष शामिल हैं। रविवार को गांव के ही कुछ लोगों ने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लिया है। मामला कोंटा और जगरगुंडा थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, मामला कोंटा के मुरलीगुड़ा कैंप के पास इटकल गांव का है। बताया जा रहा है कि, इसी गांव के रहने वालों कुछ लोगों को पारिवारिक रूप से कुछ नुकसान हो रहा था। उन्हें शक था कि गांव का एक परिवार उनके ऊपर जादू-टोना कर रहा है।

घर में घुस कर दिया वारदात को अंजाम

कुछ दिनों से आरोपी पक्ष नुकसान के चलते परेशान था। इसी बीच रविवार को गांव के कुछ ग्रामीण उस परिवार के घर में घुस गए। इसके बाद एक-एक कर 3 महिलाओं समेत कुल 5 लोगों को धारदार हथियार से वार कर उनकी जान ले ली।

आसपास के लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। इसके बाद जवान गांव पहुंचे और सभी आरोपियों को भी पुलिस ने मौके से ही पकड़ लिया। फिलहाल पुलिस अफसरों का कहना है कि जांच के बाद ही पूरी जानकारी दी जाएगी।

4 दिन पहले बलौदाबाजार में भी जादू-टोने के शक में ऐसी ही वारदात को अंजाम दिया गया था। वहां भी एक ही परिवार के 4 लोगों का हथौड़े से सिर कुचल दिया गया। मृतकों में दो बहनें, भाई और एक साल का एक बच्चा शामिल थे। सभी के शव गुरुवार रात को एक मकान में मिले थे। इस मामले में भी पुलिस ने गांव के ही 5 लोगों को गिरफ्तार किया है।