अरब सागर से उठे चक्रवात ‘असना’ को लेकर IMD का अलर्ट, उत्तर से दक्षिण तक इन 10 राज्यों में पड़ेगा असर

Cyclone Asna is located in the northeast Arabian Sea- IMD scientist Dr Soma Sen Roy

नई दिल्ली। गुजरात में भारी बारिश के बीच राहत मिलने की उम्मीद कम दिख रही है, दरअसल मौसम विभाग ने चक्रवाती तूफान असना के असर के मद्देनजर राज्य में रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं चक्रवाती तूफान असना को लेकर मौसम विभाग की वैज्ञानिक डॉ. सोमा सेन रॉय ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में एक दबाव का क्षेत्र बना है। इससे आंध्र के तटीय इलाकों में बादल छाए हुए हैं। इस सिस्टम के मध्य रात्रि में उत्तरी आंध्र प्रदेश, दक्षिणी ओडिशा क्षेत्र को पार करने की उम्मीद है। 

आंध्र और पूर्वी तेलंगाना में भारी बारिश का अलर्ट
यह सिस्टम धीरे-धीरे पश्चिम की ओर बढ़ेगा, जिसके कारण आज तटीय आंध्र प्रदेश और पूर्वी तेलंगाना में बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। रायलसीमा, कर्नाटक, दक्षिणी छत्तीसगढ़, उत्तरी ओडिशा और दक्षिणी विदर्भ के आसपास के इलाकों में आज बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। कल जब यह सिस्टम थोड़ा अंदरूनी इलाकों में प्रवेश करेगा, तो तेलंगाना और विदर्भ के साथ-साथ आसपास के इलाकों में बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। आज तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना में रेड वार्निंग जारी की गई है। कल विदर्भ में भी रेड अलर्ट लागू रहेगा।

इन राज्यों में बारिश होने की संभावना
वैज्ञानिक डॉ. सोमा सेन रॉय के अनुसार, अगर यह सिस्टम कल उत्तर की ओर बढ़ता है, तो मध्य प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ जाएंगी। लेकिन एक दिन बाद पंजाब और हरियाणा में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है, क्योंकि एक नया पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है, जिसके कारण 2-3 सितंबर को पंजाब और राजस्थान में भारी बारिश होने की संभावना है। इसके चलते आज दिल्ली में हल्की बारिश होने की संभावना है और कल-परसों हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

अरब सागर में बना चक्रवात ‘असना’
अरब सागर पर बना दबाव चक्रवात ‘असना’ में बदल गया। 1976 के बाद अगस्त में अरब सागर में आया ये पहला चक्रवाती तूफान है। इसे असना नाम पाकिस्तान ने दिया है। वहीं मौसम विभाग ने कहा कि अगले दो दिनों में यह भारतीय तट से दूर, पूर्वोत्तर अरब सागर के ऊपर पश्चिम-उत्तरपश्चिम की ओर बढ़ेगा। मौसम विभाग ने बताया कि इस चक्रवात से कोई खतरा नहीं है। वह तट से समुद्र की ओर बढ़ गया है।