छत्तीसगढ़: छेड़छाड़ के चलते पति-पत्नी ने युवक को मार डाला, लोहे के पाइप से सिर फोड़ा, हड्डियां तोड़ी; 20 से ज्यादा बार किया वार

पुलिस ने दोनों आरोपी पति-पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है।

रायपुर। राजधानी में एक युवक को पति-पत्नी ने मिलकर तब तक मारा जब तक उसकी मौत नहीं हो गई। युवक आरोपी की पत्नी के साथ छेड़छाड़ करता था। पति-पत्नी ने युवक को बातचीत के बहाने एक जगह पर बुलाया। फिर लोहे के पाइप से युवक पर हमला कर उसकी जान ले ली। मामला धरसींवा थाना क्षेत्र के सिलतरा चौकी का है।

सिलतरा चौकी पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक आरोपी मानिक राम मरावी और उसकी पत्नी आशा बाई मरावी के पड़ोस में लक्ष्मण नाम का युवक रहता था। ये सभी सिलतरा के पास धनेली स्थित एक क्रेशर मील में काम करते थे। लक्ष्मण मानिक राम की पत्नी के साथ छेड़छाड़ करता था।

यह पूरा मामला धरसींवा थाना क्षेत्र के सिलतरा चौकी का है। - Dainik Bhaskar

पत्नी ने युवक को लेबर क्वार्टर में बुलाया

जानकारी के मुताबिक पत्नी ने युवक लक्ष्मण को बातचीत के बहाने लेबर क्वार्टर में बुलाया। लक्ष्मण गुरुवार की रात करीब 12 बजे क्वार्टर में पहुंचा। वहां पर पति-पत्नी के साथ उसकी बहस हुई। फिर गलत व्यवहार को लेकर मानिक राम ने उस पर लोहे के पाइप से हमला कर दिया। इस मारपीट में उसकी पत्नी ने भी साथ दिया।

लाश के आसपास बिखरा हुआ खून। - Dainik Bhaskar

लाश के आसपास बिखरा हुआ खून।

सिर फूटा, हड्डियां टूटी, आरोपी मारते रहे

आरोपियों में इस कदर खून सवार था कि उन्होंने लक्ष्मण पर लोहे के पाइप से मारा तो वह बेहोश होकर जमीन पर गिर गया। इसके बाद भी आरोपियों ने लोहे के पाइप से उसका सिर फोड़ दिया फिर उसके शरीर में दर्जनों बार वार कर हड्डियां तोड़ दी। लक्ष्मण बुरी तरह लहूलुहान हो गया, उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या के आरोपी पति-पत्नी गिरफ्तार। - Dainik Bhaskar

हत्या के आरोपी पति-पत्नी गिरफ्तार।

पुलिस ने आरोपी पति-पत्नी को किया गिरफ्तार

हत्या के दौरान आसपास मौजूद किसी भी व्यक्ति की हिम्मत नहीं हुई कि वह बीच-बचाव कर सके। पुलिस को इस पूरे कांड की सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों आरोपी पति-पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश कर न्यायिक रिमांड में भेज दिया है।