बिलासपुर: ‘ड्रीमगर्ल’ की चाहत में 1 करोड़ 40 लाख का चूना, मिमिक्री आर्टिस्ट ने लड़की की आवाज में बातकर की ठगी, ED, RBI अफसर बनकर लूटा

बिलासपुर में मिमिक्री आर्टिस्ट ने आवाज बदल-बदलकर साफ्टवेयर इंजीनियर को लगाया 1.40 करोड़ का चूना।

बिलासपुर। बिलासपुर का सॉफ्टवेयर इंजीनियर ड्रीमगर्ल की चाहत का शिकार बन गया और 1 करोड़ 40 लाख रुपए गवां दिया। मिमिक्री आर्टिस्ट ने लड़की आवाज में उससे बात की और उसके साथ शादी करने की बात कहकर फंसा लिया, फिर आवाज बदल-बदलकर वह साफ्टवेयर इंजीनियर को ब्लैकमेल कर पैसे वसूली करता रहा। मामला सरकंडा थाना क्षेत्र का है।

आखिरकार, परेशान होकर इंजीनियर ने पुलिस से शिकायत की, जिस पर पुलिस ने आरोपी युवक को मध्यप्रदेश के मैहर से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस गिरफ्त में आया तब उसने एसपी रजनेश सिंह को बताया कि उसने कैसे आवाज बदलकर इंजीनियर को अपना शिकार बनाया।

शादी करने के लिए लड़की की कर रहा था तलाश 

SP रजनेश सिंह ने मीडिया को बताया कि सरकंडा में रहने वाले नितिन जैन महाराष्ट्र के पुणे में सॉफ्टवेयर इंजीनियर है। उसे शादी करने के लिए लड़की की तलाश थी। कुछ दिन पहले मध्यप्रदेश के मैहर में रहने वाला रोहित जैन (33) अपने भाई से मिलने के लिए पुणे गया था।

इसी दौरान उसकी पहचान रोहित जैन से हुई, तब रोहित को पता चला कि इंजीनियर नितिन शादी करने के लिए लड़की की तलाश कर रहा है। इसका फायदा उठाते हुए उसने इंजीनियर से संपर्क बढ़ाया। साथ ही शादी करने के लिए लड़की तलाश करने मदद करने की बात कही।

तीन लड़कियों की फोटो इंजीनियर के पास भेजा

आरोपी ने इंटरनेट से तीन लड़कियों की फोटो निकालकर इंजीनियर के पास भेज दिया। इसमें एक युवती को नीतिन ने पसंद किया। रोहित ने उसका नाम एकता जैन बताया। इसके बाद उसने खुद ही दूसरे नंबर से लड़की की आवाज में इंजीनियर से बात करना शुरू कर दिया।

पहले उसने एकता बनकर अलग-अलग बहाने से लाखों रुपए ट्रांसफर कराए, फिर अलग-अलग सिम से उसने खुद को एकता का भाई, जज और अधिकारी बनकर इंजीनियर से बात की। उसने नितिन को ब्लैकमेल कर एक करोड़ 40 लाख रुपए वसूल लिए। नितिन की शिकायत पर पुलिस ने जांच के बाद आरोपी रोहित जैन को मैहर से गिरफ्तार किया है।

आवाज बदलकर बनाई कहानी और वसूले पैसे

आरोपी रोहित जैन मिमिर्की आर्टिस्ट है। लिहाजा, वह आवाज बदल-बदल कर बातें करता है। उसने पहले काल्पनिक लड़की एकता जैन बनकर लड़की की आवाज में इंजीनियर से बात की। शादी के लिए तैयार होने की बात कहते हुए इंजीनियर को झांसे में लिया। इसके बाद खुद बीमार होने की बात कहते हुए उसने नीतिन से 30 लाख रुपए अलग-अलग अकाउंट में ट्रांसफर कराए।

बिलासपुर एसपी रजनेश सिंह ने सॉफ्टवेयर इंजीनियर से ड्रीमगर्ल बनकर ठगी करने वाले आरोपी को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस किया। - Dainik Bhaskar

बिलासपुर एसपी रजनेश सिंह ने सॉफ्टवेयर इंजीनियर से ड्रीमगर्ल बनकर ठगी करने वाले आरोपी को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस किया।

लड़की का भाई अंशुल जैन बनकर की ठगी

इस दौरान आरोपी रोहित ने अपनी मनगढंत कहानी का दूसरा पात्र अंशुल जैन बन गया और लड़की का ममेरा भाई बताकर उससे बातचीत शुरू की। साथ ही अपनी बहन की शादी कराने पारिवारिक सहमति बनाने मदद करने की बात कही। उसने शेयर मार्केट में नुकसान होने की बात कहते हुए मदद मांगी। साथ ही पारिवारिक समस्या, प्रापर्टी टैक्स भरने के बहाने 30 लाख रुपए ट्रांसफर कराए।

इनकम टैक्स जज सुब्रमण्यम के नाम पर लगाया चूना 

आरोपी रोहित ने पुणे जाकर फिर एक नई कहानी बनाई। उसने बताया कि एकता का परिवार हैदराबाद में रहता है। वहां पर उनकी प्रापर्टी है, जिसे बेचने के लिए हैदराबाद जाना बताया। साथ ही यहां पर उसने एकता के गिरफ्तार होने की बात कही। साथ ही बदली हुई आवाज में खुद को इनकम टैक्स जज सुब्रमण्यम बताकर करीब 20 लाख की वसूली की। अलग-अलग अकाउंट में जमा कराया।

टैक्स अफसर रामकृष्णनन के नाम पर लिए 15 लाख 

आरोपी रोहित ने लड़की की आवाज में पहले ही इंजीनियर को बताया था कि उनकी चैन्नई में प्रापर्टी है। इसके बाद उसने टैक्स अधिकारी रमाकृष्णनन बनकर इंजीनियर से बात की। उसने प्रापर्टी टैक्स जमा नहीं होने की बात कहते हुए एकता की गिरफ्तारी करने की बात कही। इससे बचने के लिए उसने तमिल, हिंदी ओर अंग्रेजी में बातचीत इंजीनियर से करीब 15 लाख रुपए वसूल लिए।

फिर RBI अधिकारी बनकर किया कॉल 

आरोपी रोहित ने बदली हुई आवाज में इंजीनियर को काल किया। उसने इंस्टैंट लोन एप के माध्यम से रकम की अदायगी नहीं कर पाने की बात कही। साथ ही जांच एजेंसियों की नजर में होने की बात कही। उसने खुद ही मकान के नीचे खड़े रहकर मकान की तस्वीर ली। इसे इंजीनियर के मोबाइल पर भेजा।

साथ ही उसने ED के अधिकारियों के आने की बात कही और दरवाजा खोलने से मना किया। इस दौरान वह खुद बाहर से दरवाजे पर दस्तक देता रहा। डरे हुए इंजीनियर ने उसके बताए खाते में 20 लाख रुपए जमा कराए।

स्कूल के समय से ही करता आ रहा मिमिक्री, कलाकारों की करता है नकल

एसपी रजनेश सिंह ने बताया कि पूछताछ में पता चला है कि आरोपी रोहित जैन स्कूल के समय से ही फिल्मी कलाकारों की नकल करता है। वह कई फिल्मी कलाकारों की आवाज अच्छी तरह से निकाल लेता है। इसके अलावा वह लड़कियों की आवाज में भी बात करता है। इसका फायदा उठाते हुए उसने इंजीनियर से ठगी की घटना को अंजाम दिया।

ठगी के पैसों से खेला सट्‌टा, सट्‌टेबाजों के अकाउंट में कराए ट्रांसफर 

एसपी रजनेश सिंह ने मामले का पर्दाफाश करते हुए बताया कि आरोपी आदतन सटोरिया है। वह आनलाइन बेटिंग एप पर दांव लगाता है। ठगी की रकम को उसने एवीएटर, तीन पत्ती, रमी और क्रिकेट सट्टे पर लगा दिया। इसमें से वह बड़ी रकम हार गया है।

उसने पुलिस को बताया कि ठगी और ब्लैकमेलिंग के पैसों को उनके अकाउंट में ट्रांसफर कराया है। मामले में पुलिस ने करीब 40 बैंक एकाउंट को फ्रीज कराया है। बैंक खातों से पीड़ित की रकम वापस कराने कार्रवाई की जाएगी।