बेबीलोन होटल हत्याकांड: गर्लफ्रेंड की हत्या करने के बाद जिंदा तो नहीं दो बार देखने होटल पहुंचा था ब्वॉयफ्रेंड; करना चाहता था शादी

बेबीलोन होटल हत्याकांड: गर्लफ्रेंड की गला दबाकर की हत्या, जिंदा तो नहीं दो बार देखने होटल पहुंचा ब्वॉयफ्रेंड

होटल से अकेले बाहर निकलता विशाल कुमार गर्ग की सीसीटीवी फुटेज।

रायपुर। रायपुर के जेल रोड स्थित बेबीलोन होटल के रूम नंबर 416 में वाणी गोयल की हत्या हुई थी। उसके बॉयफ्रेंड विशाल ने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी थी। इतना ही नहीं वारदात को अंजाम देने के बाद वह वहां से चला गया। लेकिन उसे भरोसा नहीं हुआ तो उसने दो बार होटल में आकर युवती के मरने की पुष्टि की। इसके बाद वह आखिरी बार शाम छह बजे होटल से निकल गया। सूरजपुर निवासी विशाल पांच जुलाई को रायपुर आ गया था।

घर से निकलते समय उसने अपने भाई से कहा था कि वह या तो वाणी को साथ लेकर आएगा या फिर कुछ कर के आएगा। हालांकि युवती की हत्या के बाद उसने खुद रेलवे ट्रैक पर खुदकुशी कर ली। युवती की पीएम रिपोर्ट नहीं आई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मरने से पहले काफी संघर्ष हुआ था। वाणी अपने बचाव के लिए चिल्ला भी रही थी, लेकिन विशाल ने उसका मुंह दबा दिया।

पुलिस की जानकारी में सामने आया है कि विशाल पांच जुलाई को शिवानंद नगर में रहने वाली अपनी दीदी-जीजा के घर बिना बताए सुबह पहुंचा था। जब बहन ने पूछा तो उसने जरूरी काम होना बताया। इसके बाद वह वहां रूका रहा। छह जुलाई को सुबह 11 बजे वह घर से निकला और लगभग 12 बजे होटल बेलीलोन इन के बाहर पहुंचा। जब तक वाणी गोयल नहीं आई तब तक वह इंतजार कर रहा था। लगभग दोपहर 1:30 बजे वाणी वहां आती है और दोनों होटल में जाते हैं।

वाणी आनलाइन पेंमेंट करती है। रूम बुक करवाती है। इसके बाद दोनों कमरे में चले जाते हैं। शाम चार बजे के लगभग विशाल अकेले बाहर निकालता है। दीदी के घर जाता है। 15 मिनट के बाद कपड़े बदलकर फिर होटल आता है। रूम में जाता है और फिर 10 मिनट बाद बाहर निकल जाता है। 20 मिनट के बाद वह युवती जिंदा तो नहीं उसे देखने के लिए फिर होटल पहुंचता है। छह बजे के लगभग वह वहां से निकल जाता है। इसके बाद उसकी बॉडी रेलवे ट्रैक पर मिलती है। 

कैब की मदद से स्वजन पहुंच गए थे होटल

वाणी का फोन बंद होने के बाद स्वजन परेशान हो गए थे। उन्होंने तत्काल सरस्वती नगर थाने में गुमशुदगी रिपोर्ट दर्ज करवाई। वहीं कैब वाले का पता चलने के बाद वह नौ बजे रात होटल पहुंच गए थे। होटल प्रबंधन को जब वाणी के रुकने के बारे में जानकारी मांगी गई तो उसके द्वारा मना कर दिया गया। इसके बाद रात 11 बजे जब पुलिस की टीम पहुंची तो उन्हें भी जानकारी नहीं दी गई। सुबह चार बजे जब फिर पुलिस पहुंची तब काफी बहस के बाद दरवाजा खुला। रूम में वाणी का शव बिस्तर के नीचे मिला। 

शादी करना चाहता था युवक

जानकारी के अनुसार विशाल और वाणी एक दूसरे को पहले से जानते थे। वाणी से विशाल शादी करना चाहता था। लेकिन वाणी उसके साथ दोस्त की तरह रहना चाहती थी। घटना दिनांक को विशाल ने उससे शादी की बात कही और साथ चलने के लिए कहा। वाणी के मना करने पर दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि विशाल ने वाणी का गला दबा दिया। इस दौरान दोनों के बीच काफी संषर्घ भी हुआ। चेहरे और हाथ में भी चोट के निशान मिले हैं।