मध्यप्रदेश: बूथों के बाहर ‘नोटा’ के लिए लगे टेबल, मोदी के लिए वोट मांगने वाली अफसर को हटाया, मतदान के बाद युवक की मौत, पढ़ें चर्चित घटनाएं

MP Lok Sabha 4th Phase Voting News Ujjain Female Officer Suspend Youth Died in Ratlam Polling Station

भोपाल। लोकसभा चुनाव के चौथे चरण में मध्य प्रदेश की आठ सीटों पर मतदान जारी है। इंदौर, उज्जैन, देवास, खरगोन, रतलाम, मंदसौर, खंडवा और धार सीट पर वोटिंग हो रही है। दोपहर एक बजे तक प्रदेश में 48.52 फीसदी वोटिंग हो चुकी हैं। यहां सुबह सात बजे से मतदान जारी है जो शाम छह बजे तक चलेगा।

सुबह से ही इन सीटों पर कुछ ऐसे मामले सामने आए जिनसे विवाद की स्थिति बन गई। उज्जैन में पीठासीन महिला अधिकारी ने पीएम मोदी के नाम पर वोट मांगे, धार में कर्मचारी की मौत हो गई। इंदौर में नोटा को लेकर भाजपा और कांग्रेस के कार्यकर्ता भिड़ गए। अब विस्तार से जानिए, चुनाव के दौरान घटी पांच घटनाओं के बारे में …। 

नोटा के नाम पर भिड़े कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ता 
मप्र की इंदौर लोकसभा सीट पर सुबह से ही मतदान जारी है। कांग्रेस प्रत्याशी अक्षय बम के नाम वापस लेने के बाद यहां भाजपा प्रत्याशी शंकर लालवानी के सामने विपक्षी उम्मीदवार नहीं है। ऐसे में कांग्रेस यहां नोटा पर जोर दे रही है। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बूथों के बाहर नोटा के लिए टेबल लगाई है। शहर के नंदा नगर स्थित सुगनी देवी कॉलेज परिसर में नोटा टेबल को लेकर कांग्रेस और भाजपा के कार्यकर्ताओं में विवाद हो गया।  मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग किया। इसके बाद मामला शांत हुआ। शहर में अन्य जगह से भी छुटपुट विवाद की खबरें सामने आई हैं।  

मोदी के लिए वोट मांगने वाली पीठासीन अधिकारी को हटाया 
उज्जैन आलोट संसदीय क्षेत्र के मतदान केंद्र क्रमांक 35 पर एक महिला पीठासीन अधिकारी आरती प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर वोट मांग रही थी। जानकारी लगते ही कांग्रेस प्रत्याशी महेश परमार मतदान केंद्र पर पहुंचे और उन्होंने अधिकारियों से बात कर शिकायत की। उन्होंने अधिकारी को पीठासीन अधिकारी का वीडियो दिखाया। लेकिन, अधिकारियों ने उनकी बात नहीं मानी तो परमार धरने पर बैठ गए। बाद में कलेक्टर ने महिला अधिकारी पर कार्रवाई करते हुए उसे हटा दिया। हालांकि, महिला अधिकारी ने इसे लेकर माफी भी मांगी थी।    

‘यह सिर्फ कमल का फूल है, पंजे वाले क्या हाथ काटकर अंदर जा रहे हैं’      
खंडवा संसदीय क्षेत्र के सनावद में बूथ क्रमांक 180 पर एक महिला कमल के फूल की प्रिंट वाली साड़ी पहनकर मतदान करने पहुंची। इस पर कांग्रेस प्रत्याशी नरेंद्र पटेल ने आपत्ति ली। इसे लेकर महिला ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि यह सिर्फ कमल का फूल है। इस पर कांग्रेस प्रत्याशी ने कहा कि यह एक राजनीतिक पार्टी का चिन्ह हैं। इसके बाद महिला ने कहा कि आप मुझे बताइए कि क्या हाथ के पंजे वाले हाथ काटकर अंदर जा रहे हैं। इसके बाद कांग्रेस प्रत्याशी ने कहा कि यह निर्वाचन आयोग तय करेगा। इस मामले को लेकर काफी देर तक विवाद के हालात बने रहे।  

कर्मचारी की हार्ट अटैक से मौत
धार जिले में चुनावी ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी की हार्ट अटैक से मौत हो गई। विकास खंड तिरला के बीओ सुमन वासने को देर रात घर पर साइलेंट अटैक आ गया, जिससे उनकी मौत हो गई। वे गंधवानी तहसील में शनिवार को मतदान सामग्री वितरित कर तिरला पहुंचे थे। आज सुबह भी उन्हें चुनावी ड्यूटी पर जाना था, लेकिन रात करीब 1 बजे उनकी मौत हो गई।

मतदान कर घर लौटे युवक की मौत  
रतलाम में मतदान के बाद एक युवक की हार्ट अटैक से मौत हो गई। जिले के टाटानगर में रहने वाले प्रकाश पिता मांगीलाल सतोगिया (36) आज सुबह 9 के करीब वोट डालने गए थे। वापस आने के बाद अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन तत्काल उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।