छत्तीसगढ़: प्रदेश में तपेगा मई का महीना, रहेगी लू जैसी स्थिति; डोगरगढ़ में 43 डिग्री के पार पहुंचा अधिकमत तापमान

रायपुर। छत्तीसगढ़ में बुधवार से मौसम साफ होने के कारण अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी शुरू हो गई है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 5 दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री तापमान बढे़गा। मंगलवार को प्रदेश में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 43.4 डिग्री डोंगरगढ़ में रिकॉर्ड किया गया। वही,सबसे कम न्यूनतम तापमान 21 डिग्री नारायणपुर में रिकॉर्ड किया गया।

प्रदेश के बस्तर संभाग के जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहा । वही ज्यादातर जिलों का तापमान 40 डिग्री से के पार पहुंच गया है। मंगलवार को कटेकल्याण में 5 सैंटीमीटर,जगदलपुर और दरभा में 1 सैंटीमीटर बारिश रिकार्ड की गई।

रायपुर में मंगलवार को दिन का 42 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया। मई का महीना शुरू होते ही रायपुर में भीषण गर्मी पड़ने लगी है। मौसम भी पूरी तरह शुष्क हो गया है। वही समुद्र से आने नमी कम हो गई है। रायपुर में आज राजधानी में मौसम साफ रहेगा। आज अधिकतम तापमान 42 डिग्री और रात का पारा 27 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।

बिलासपुर में सोमवार से टेंपरेचर फिर बढ़ने लगा। मंगलवार को यहां अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य रहा। वहीं, रात का पारा 28 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 2 डिग्री अधिक रहा है।

प्रदेश में मई का महीना तपेगा। छत्तीसगढ़ और आसपास के सरहदी राज्यों में बादल छंटने के साथ एक भी सिस्टम सक्रिय नहीं है। इस वजह से अभी बारिश के आसार नहीं है। राजधानी के साथ-साथ प्रदेश के अन्य जिलों में भी दिन का तापमान सामान्य या उससे ज्यादा पहुंच गया है। मई में लू जैसी स्थिति रहेगी।