संघ प्रमुख ने पहले आरक्षण का किया था विरोध, अब समर्थन कर रहे! राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर बोला हमला

rahul gandhi says rss chief had opposed reservaton now they support quotas

दमन। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रविवार को संघ प्रमुख के ताजा बयान पर निशाना साधते हुए कहा कि संघ प्रमुख कह रहे हैं कि वे आरक्षण के समर्थन में हैं, लेकिन पूर्व में वही इसका विरोध कर चुके हैं। केंद्र शासित प्रदेश दमन में एक रैली को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि जो लोग आरक्षण का विरोध करते हैं, वो भाजपा में शामिल हो रहे हैं और भाजपा उनका स्वागत भी कर रही है। 

राहुल का आरोप- भाजपा-आरएसएस संविधान खत्म करने की कोशिश कर रहे
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि आरएसएस और भाजपा संविधान और विभिन्न संस्थाओं को खत्म करने की कोशिश कर रही है ताकि अपने नेताओं को देश का राजा बना सकें और 20-22 अरबपतियों की मदद कर सकें। राहुल गांधी का यह बयान ऐसे समय आया है, जब रविवार को ही हैदराबाद में एक कार्यक्रम में संघ प्रमुख मोहन भागवत ने कहा कि संघ ने हमेशा से संविधान के तहत आरक्षण का समर्थन किया है। संघ प्रमुख ने कहा कि ये झूठ फैलाया जा रहा है कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ आरक्षण के विरोध में है। 

भाजपा-कांग्रेस में वैचारिक लड़ाई
राहुल गांधी ने रैली के दौरान कहा कि ‘भाजपा और कांग्रेस के बीच वैचारिक लड़ाई है।’ कांग्रेस नेता ने संविधान की रक्षा के लिए लोगों से वोट देने की अपील की। उन्होंने कहा ‘संविधान नींव की तरह काम करता है, यह बीज है, जिससे विभिन्न संस्थान बने हैं। वे संविधान, लोकतंत्र और विभिन्न संस्थानों को खत्म करना चाहते हैं।’ राहुल ने कहा कि भाजपा और आरएसएस संविधान खत्म करना चाहती हैं और कांग्रेस संविधान की रक्षा करना चाहती है। 

‘मोदी सरकार में अरबपतियों के कर्ज माफ हुए’
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि भाजपा और आरएसएस देश में एक भाषा, एक नेता के सिद्धांत को लागू करना चाहती है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि मोदी सरकार में अरबपतियों का 16 लाख करोड़ रुपये का कर्ज माफ किया गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर करोड़ों लोगों को लखपति बनाया जाएगा और महिलाओं के खातों में एक लाख रुपये जमा किए जाएंगे। वहीं शिक्षित बेरोजगारों को सालाना अप्रेंटिशिप कराई जाएगी। दमन में कांग्रेस के केतन पटेल का सामना भाजपा के मौजूदा सांसद लालूभाई पटेल से है।