अंबिकापुर: मोदी बोले-कांग्रेस का इतिहास देश को तबाह करने का, भारत आत्मनिर्भर बन गया तो कुछ ताकतों की बंद हो जाएगी दुकान

अंबिकापुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अंबिकापुर के पीजी कॉलेज मैदान में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि चार महीने की अल्प अवधि में ही मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ में रॉकेट की गति से काम किया है। हमने चार महीने में ही कई वादों को पूरा किया है।

पीएम मोदी ने कांग्रेस पर भी बड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के घोटालेबाजों पर जिस तरह एक्शन हो रहा है, वो पूरा देश देख रहा है। उन्होंने कहा कि जब मैं विकसित भारत कहता हूं तो कांग्रेस वालों का और दुनिया की कुछ ताकतों का माथा गरम हो जाता है।

पीएम मोदी ने महामाया माई के जयकारे लगाए। उन्होंने कहा कि जब भाजपा ने मुझे उम्मीदवार बनाया था तब आपने ही अंबिकापुर में लाल किला बनाया था। उस दौरान कांग्रेस की पूरी टोली ने मुझ पर हमला बोल दिया था। आपके आशीर्वाद से वही मोदी लाल किला पहुंचा और राष्ट्र के नाम संदेश दिया। आज वही सरगुजा फिर आशीर्वाद दे रहा है।

पीएम ने कहा, आपके आशीर्वाद से आपके बीच का व्यक्ति छत्तीसगढ़ के सपनों को साकार कर रहा है। विष्णु देव साय जी विकास के लिए तेजी से काम कर रहे हैं। बहुत कम समय में रॉकेट की गति से सरकार चलाई है। धान किसानों को दी गारंटी पूरी की, तेंदूपत्ता संग्राहकों को भी ज्यादा पैसा मिल रहा, खरीद भी तेजी से हो रही है, माताओं-बहनों को महतारी वंदन योजना से लाभ हुआ है।

मोदी ने कहा -यहां कांग्रेस के घोटालेबाजों पर जिस तरह एक्शन हो रहा है, वो पूरा देश देख रहा है। उन्होंने कहा कि जब मैं विकसित भारत कहता हूं तो कांग्रेस वालों का और दुनिया की कुछ ताकतों का माथा गरम हो जाता है। अगर भारत शक्तिशाली हो गया तो कुछ ताकतों का खेल ही बिगड़ जाएगा। भारत आत्मनिर्भर बन गया तो कुछ ताकतों की दुकान बंद हो जाएगी। इसलिए वो भारत में कांग्रेस और इंडी गठबंधन की कमजोर सरकार चाहते हैं। ऐसी सरकार जो आपस में लड़ती रहे, घोटाले करती रहे। कांग्रेस का इतिहास सत्ता के लालच में देश को तबाह करने का रहा है।

उन्होंने कहा- सत्ता के लालच में कांग्रेस देश को तबाह करने में लगी रही। देश में आतंकवाद किसके कारण फैला? देश में नक्सलवाद किसके कारण बढ़ा। कांग्रेस का कुशासन और लापरवाही, यही कारण है कि देश बर्बाद होता रहा। आज भाजपा नक्सलवाद और आतंकवाद के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई कर रही है।

बाबा साहब अंबेडकर के नेतृत्व में यह तय किया गया था, कि भारत में धर्म के आधार पर आरक्षण नहीं होगा। आरक्षण होगा तो दलित, आदिवासियों भाइयों के नाम पर होगा, लेकिन वोट बैंक की भूखी कांग्रेस ने इन महापुरुषों की परवाह नहीं की। बाबा साहब अंबेडकर के शब्दों की परवाह नहीं की। कांग्रेस ने बहुत पहले आंध्र प्रदेश में धर्म के आधार पर आरक्षण देने का प्रयास किया।

इन लोगों ने धर्म के आधार पर 15 प्रतिशत आरक्षण की बात कही। और ये भी कहा कि, एससी, एसटी और ओबीसी का जो कोटा है, उसी में से कम करके धर्म के आधार पर कुछ लोगों को आरक्षण दिया जाए। 2009 में कांग्रेस ने यही इरादा भी जताया। 2014 के घोषणापत्र में भी कहा कि इसे नहीं छोड़ेंगे।

पीएम ने कहा कि भाजपा सरकार आई तो हमने संविधान के विरुद्ध, बाबा साहब के निर्णय के विरुद्ध जो निर्णय हुआ था, उसके अनुसार कांग्रेस के निर्णय को उखाड़ फेंका और दलितों, पिछड़ों को दिया।