21 राज्यों की 102 सीटों पर 68% वोटिंग, लक्षद्वीप में सबसे ज्यादा 84%, बिहार में सबसे कम 49%; 2019 के मुकाबले 1 प्रतिशत ही कम

नई दिल्ली। लोकसभा के फर्स्ट फेज में 21 राज्यों-केंद्र शासित प्रदेशों की 102 सीटों पर शुक्रवार को वोटिंग हुई। सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक हुई वोटिंग में 68.29 प्रतिशत लोगों ने मतदान किया। 2019 के मुकाबले यह आंकड़ा 1 प्रतिशत ही कम है। 2019 में फर्स्ट फेज में 91 सीटों पर 69.43% वोटिंग हुई थी।

शुक्रवार को जिन 102 लोकसभा सीटों पर वोटिंग हुई है, इनमें 2019 में भाजपा ने 40, DMK ने 24, कांग्रेस ने 15 सीटें जीती थीं। अन्य को 23 सीटें मिली थीं। फर्स्ट फेज में अधिकतर सीटों पर मुकाबला इन्हीं 3 दलों के बीच है। सीटों के हिसाब से यह सबसे बड़ा फेज है।

21 में से 4 राज्यों में 80% से ज्यादा वोटिंग हुई। इनमें सबसे ज्यादा लक्षद्वीप में 83.88% वोटिंग हुई है। इसके बाद त्रिपुरा में 81.62%, बंगाल में 80.55% और सिक्किम में 80.03% मतदान हुआ। 16 में 50-80% के बीच मतदान हुआ। एकमात्र बिहार 50% से नीचे रहा। यहां सबसे कम, 48.88%, वोटिंग हुई।

दो राज्यों, पश्चिम बंगाल और मणिपुर, में वोटिंग के दौरान हिंसा भी हुई। अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम में लोकसभा के साथ विधानसभा चुनाव के लिए भी वोट डाले गए। अरुणाचल में 76.44% और सिक्किम में 79.86% लोगों ने राज्य सरकार चुनने के लिए वोट डाले।