ईरान के कब्जे वाले जहाज से सुरक्षित भारत लौटीं एन; 16 अन्य भारतीयों की वापसी पर MEA ने कही यह बात

Ann Tessa Joseph One of 17 Indian crew members on board Israel-linked vessel seized by Iran returns home

नई दिल्ली। ईरान द्वारा कब्जे में लिए गए इस्राइली अरबपति के जहाज पर सवार 17 भारतीयों में शामिल केरल की एन टेसा जोसेफ सुरक्षित भारत लौट आई हैं। विदेश मंत्रालय ने एक आधिकारिक बयान के जरिए इस बारे में जानकारी दी। गुरुवार को केरल के त्रिशूर की रहने वाली एन टेसा कोचीन हवाई अड्डे पर पहुंची, जहां उनका स्वागत किया गया। इसे भारत की बड़ी कूटनीतिक जीत के रूप में देखा जा रहा है।  

विदेश मंत्रालय ने यह भी कहा कि तेहरान में भारतीय मिशन कंटेनर जहाज पर बचे शेष 16 भारतीय चालक दल के सदस्यों के संपर्क में है। जहाज वर्तमान में ईरानी नियंत्रण में है। चालक दल के सदस्य ठीक हैं और वे अपने परिजनों के संपर्क में हैं। मंत्रालय ने यह भी कहा कि अन्य भारतीयों की स्वदेश वापसी के लिए भारतीय मिशन ईरानी अधिकारियों के संपर्क में है। शीघ्र ही उनकी भी वापसी होगी।

इससे पहले विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने इस मामले पर अपने ईरानी समकक्ष विदेश मंत्री अमीर अब्दुल्लाहियन से बात की थी। इस दौरान दोनों नेताओं ने पश्चिम एशिया में मौजूदा स्थिति पर चर्चा की और तनाव से बचने के महत्व पर जोर दिया।