I.N.D.I.A की रैली में राहुल बोले- चुनाव से पहले PM मोदी मैच फिक्सिंग कर रहे; केजरीवाल की पत्नी ने अरविंद का संदेश पढ़ा

नई दिल्ली। दिल्ली के रामलीला मैदान में I.N.D.I.A. ब्लॉक की लोकतंत्र बचाओ महारैली चल रही है। लोकसभा चुनाव से पहले विपक्षी गठबंधन की ये पहली बड़ी रैली है। इसमें सोनिया, प्रियंका, राहुल, उद्धव ठाकरे, अखिलेश यादव, सीताराम येचुरी, महबूबा मुफ्ती, फारूक अब्दुल्ला के अलावा अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता और हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना पहुंची।

रैली को सबसे पहले उद्धव ठाकरे ने संबोधित किया। उद्धव ने कहा- कल्पना सोरेन और सुनीता केजरीवाल हमारी बहन हैं। जब इस तानाशाही सरकार के खिलाफ हमारी बहने लड़ रही हैं, तो हमारे जैसे भाई कैसे पीछे रह सकते हैं। भाजपा को मैं चुनौती देता हूं कि आप अपने बैनर पर लगा दो कि भाजपा के साथ जो पार्टी है वो ED, CBI और IT है।

केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने रैली को संबोधित करते हुए कहा- मोदी जी ने मेरे पति को जेल में डाल दिया, क्या उन्होंने ठीक किया? आपके केजरीवाल को ज्यादा दिन तक ये जेल में नहीं रख पाएंगे। आपके केजरीवाल शेर हैं। करोड़ों लोगों के मन में बसते हैं।

सुनीता केजरीवाल ने अरविंद का जेल से भेजा गया मैसेज भी पढ़ा। उन्होंने केजरीवाल की 6 गारंटियां पढ़ीं। पहला- पूरे देश में 24 घंटे बिजली। दूसरा- गरीबों की बिजली फ्री। तीसरी- हर गांव- मोहल्ले में शानदार सरकारी स्कूल। चौथा- हर गांव और मोहल्ले में क्लीनिक, जिले में मल्टी स्पेशियलटी अस्पताल। पांचवीं- किसानों को MSP और छठी- दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा।

वहीं भ्रष्टाचार के मामले में जेल में बंद झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेने ने कहा- आज यहां उमड़ा जल सैलाब इस बात की गवाही दे रहा है कि लोकतंत्र को खत्म करने के लिए जिस तरीके तानाशाह ताकतों ने अपने कदम बढ़ाएं हैं उसका अंत जनता इस चुनाव में कर देगी।

INDIA गठबंधन की महारैली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, “… यह मंच है अनेकता में एकता, विविधता में एकता है, यह दर्शाने के लिए आज यह सभा आयोजित हुई है…”

INDIA गठबंधन की ‘महारैली’ को संबोधित करते हुए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा, “…हर साल इस मैदान में दशहरे के दिन रावण के पुतले का दहन होता है… आज जो सत्ता में हैं वे अपने आप को राम भक्त कहते हैं… मुझे लगता है कि वे कर्मकांड में उलझ गए हैं… मैं आज उन्हें याद दिलाना चाहती हूं कि वो हजारों वर्ष पुरानी गाथा क्या थी… भगवान राम जब सत्य के लिए लड़े तो उनके पास सत्ता नहीं थी, उनके पास संसाधन नहीं थे, उनके पास तो रथ भी नहीं था… संसाधन रावण के पास थे… भगवान राम के पास सत्य, आशा, आस्था , प्रेम, परोपकार, धीरज और साहस था… मैं सत्ता में बैठे हुए अपने प्रधानमंत्री मोदी को याद दिलाना चाहती हूं कि भगवान राम के जीवन का क्या संदेश था। सत्ता सदैव नहीं रहती। सत्ता आती है, जाती है, अहंकार चूर-चूर होता है… “

भगवंत मान बोले- 15 लाख लिखता हूं तो कलम कांप जाती है

पंजाब सीएम भगवंत मान बोले- आने वाले दिनों में आपको बहुत सारे जुमले सुनने को मिलेंगे। इन जुमलों पर यकीन मत करना। 15 लाख की रकम लिखता हूं तो कलम रुक जाती है, काले धन के बारे में सोचता हूं तो स्याही सूख जाती है। हर बात ही जुमला निकली मोदी जी, अब तो ये भी शक है, क्या चाय बनानी आती है।

पंजाब CM बोले- केजरीवाल की सोच को कैसे गिरफ्तार करोगे

पंजाब सीएम भगवंत मान बोले- अरविंद केजरीवाल को तो गिरफ्तार कर लोगे, लेकिन उसकी सोच को कैसे गिरफ्तार करोगे? वो जो लाखों केजरीवाल पैदा हो गए हैं उन्हें कैसे रोकोगे? अरविंद केजरीवाल एक सोच का नाम है। इंडिया गठबंधन पूरा इकट्‌ठा हो गया है। कईयो के तो कैमरे भी कांपने लगे होंगे कि सब इकट्‌ठे कैसे बैठ गए। ये चाहते ही नहीं कि हम एकजुट हों। इसलिए मैं सबसे कहना चाहता हूं कि आओ इकट्‌ठे हो जाएं। ये भ्रष्टाचारी चाहे कितना रुपया, सोना-चांदी, जेवर इकट्‌ठा कर लें, लेकिन इन्हें याद रहे कि कफन में जेब नहीं होती है। कोई पैसा साथ नहीं जाएगा, लूट लो देश को कितना लूटना है। इसलिए गरीबों की बद्दुआ न लो।

एनसीपी-एससीपी प्रमुख शरद पवार ने कहा-इस सरकार (केंद्र सरकार) ने दिल्ली के सीएम, झारखंड के सीएम को गिरफ्तार किया है और विभिन्न राज्यों के कई अन्य नेताओं को भी जेल में डाल दिया है। यह कार्रवाई लोकतंत्र और संविधान पर हमला है। इसे (लोकतंत्र) बचाना हमारी जिम्मेदारी है।

राहुल बोले- भाजपा जीती तो देश नहीं बचेगा

राहुल ने कहा- ये बात आप याद रखिएगा कि यहां मैच फिक्सिंग की जा रही है। ये भाजपा के लोग कह रहे हैं कि इन चुनावों में कुछ न कुछ गड़बड़ है। ये भाजपा के एक नेता ने कहा है। चुनाव आयोग में अपने दो लोग को लाया गया। हमारे दो मुख्यमंत्रियों को जेल में डाला। करना ही था तो छह महीने पहले करते, एक साल पहले करते। आपको हमारे अकाउंट फ्रीज करने थे तो छह महीने पहले करते। लेकिन आपको ये अभी करना था, ताकि मैच फिक्सिंग हो सके। मेरी बात गौर से सुन लीजिए। अगर भाजपा जीती और उन्होंने संविधान को बदला तो इस पूरे देश में आग लगने जा रही है, ये देश नहीं बचेगा। ये चुनाव वोट वाला चुनाव नहीं है, ये चुनाव हिंदुस्तान को बचाने वाला चुनाव है।

राहुल ने कहा- ये संविधान को क्यों मिटाना चाहते हैं, क्योंकि ये आपका धन आपसे छीनना चाहते हैं। मैंने जति जनगणना की बात की, रोजगार की बात की, क्योंकि देश के सामने यही सबसे बड़े मुद्दे हैं। इसलिए अगर आप लोगों ने दम से वोट नहीं दिया, तो इनकी मैच फिक्सिंग सफल हो जाएगी और देश का संविधान खत्म हो जाएगा।

अगर संविधान खत्म हो गया तो देश के दिल पर बहुत बड़ी चोट होगी। तो ये जो चुनाव है, ये देश को बचाने का, संविधान को बचाने का और गरीबों के हक को बचाने का चुनाव है।

राहुल बोले- संविधान को धमकियों से या CBI, ED से नहीं चलाया जा सकता

राहुल बोले- ये जो संविधान है, ये पुलिस से, धमकियों से नहीं चलेगा। ये सोचते हैं कि संविधान के बिना डराकर, धमकाकर, CBI, ED से देश चलाया जा सकता है। आप मीडिया को खरीद सकते हो, आप मीडिया के रिपाेर्ट्स कर मुंह बंद कर सकते हो पर आप लोगों की आवाज नहीं दबा सकते हो। कोई ताकत इस आवाज को नहीं दबा सकती। भाजपा सांसद ने कहा कि जैसे ही हम मैच फिक्स करके 400 सीट जीतेंगे, वैसे ही संविधान को बदल देंगे।

ये लड़ाई संविधान को बचाने की लड़ाई है। संविधान चला जाएगा तो गरीबों का हक चला जाएगा, गरीबों का जो धन है, वो पांच-छह लोगों के हाथों में आ जाएगा। मुझे बताइए कि नोटबंदी और जीएसटी से किस गरीब को फायदा हुआ? किस व्यापारी को फायदा हुआ?

राहुल ने कहा- ये संविधान को खत्म करना चाहते हैं

राहुल ने कहा- कांग्रेस देश की सबसे बड़ी विपक्षी पार्टी है। लेकिन हमारे अकाउंट्स फ्रीज करा लिए गए हैं। हमें पोस्टर छपवाने हैं, कार्यकर्ताओं को राज्यों में भेजना है, लेकिन हमारे अकाउंट्स फ्रीज हैं, तो हम नहीं कर पा रहे हैं। ये पूरी की पूरी मैच फिक्सिंग की कोशिश की जा रही है। ये मैच फिक्सिंग सिर्फ पीएम मोदी नहीं कर रहे है, ये देश के 3-4 बड़े अरबपति करवा रहे हैं। इस मैच फिक्सिंग का एक ही लक्ष्य है कि इस देश का संविधान जिसने इस देश के लोगों को जीने का हक दिया, उस संविधान को लोगों से छीनने के लिए ये मैच फिक्सिंग की जा रही है। जिस दिन ये संविधान खत्म हो गया, उस दिन ये देश नहीं बचेगा।

राहुल गांधी ने कहा- मोदी जी ने मैच से पहले फिक्सिंग कर ली

राहुल गांधी ने कहा- इंडिया गठबंधन के सभी नेता जो यहां आए हैं, उनके साथ मैं केजरीवाल जी और सोरेन जी का भी नाम लेना चाहता हूं जो यहां नहीं है, लेकिन दिल से हमसे जुड़े हैं। आज कल IPL के मैच चल रहे हैं। जब बेईमानी से अंपायर पर दबाव डालकर प्लेयर खरीदे जाते हैं, उसे मैच फिक्सिंग कहते हैं। हमारे सामने लोकसभा चुनाव हैं। मैच किसने फिक्स किए- नरेंद्र मोदी ने। मैच शुरू होने से पहले हमारी टीम से दो खिलाड़ियों को अरेस्ट करके अंदर कर दिया। तो नरेंद्र मोदी जी इस चुनाव से पहले मैच फिक्सिंग की कोशिश कर रहे है। उनका 400 का नारा, बिना मैच फिक्सिंग के, बिना सोशल मीडिया और मीडिया पर दबाव डाले 180 से ज्यादा नहीं हो पा रहा है।

अखिलेश यादव बोले- ED, CBI से डराकर सबसे ज्यादा चंदा वसूलने का काम भाजपा ने किया

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा- ये रामलीला मैदान ऐतिहासिक मैदान है और आज जब हम लोग यहां एकत्रित हुए हैं और एकसाथ खड़े हुए हैं तो इस मैदान से ये ऐलान होने वाला है कि सत्ताधारी जो दिल्ली में बैठे है वो अब ज्यादा दिन नहीं रहेंगे। आज हम दिल्ली आए हैं। सुना है दिल्ली वाले आज दिल्ली से बाहर गए हैं। दिल्ली से जो आज बाहर जा रहे हैं वो हमेशा-हमेशा के लिए बाहर जा रहे हैं। ये लोग (भाजपा) जो 400 पार का नारा दे रहे हैं, अगर आपके 400 पार हो रहे थे तो आम आदमी पार्टी के नेता से आपको घबराहट किस बात की है? मैं तो उस उत्तर प्रदेश से आता हूं जहां के लोगों ने भाजपा को मौका दिया और उनका स्वागत किया लेकिन याद रहे कि उत्तर प्रदेश के लोग जो स्वागत करते हैं वो धूम-धाम से विदाई भी करते हैं। आपने चुने हुए लोगों और मुख्यमंत्रियों को जेल भेज दिया। जिस लोकतंत्र के लिए दुनिया में भारत का सम्मान होता था, आज उसी भारत की दुनिया में किसी ने सबसे ज्यादा थूं-थूं करवाई है तो वो भाजपा के लोगों ने करवाई है। इनके 10 साल का कार्यकाल आप देखोगे तो ये ब्रह्मांड की सबसे झूठी पार्टी है। ये 400 पार नहीं 400 हारने जा रहे हैं। ED, CBI से डराकर सबसे ज्यादा चंदा वसूलने का काम अगर किसी ने किया है तो वो भाजपा ने किया है।

फारूक अब्दुल्ला बोले- हमारा मकसद संविधान बचाना

NC प्रमुख फारूक अब्दुल्ला ने कहा- आज हमारा मकसद सिर्फ एक है कि हम सब संविधान को बचाएं। इंसान को इंसान से लड़ाया जा रहा है। वो सब नेता जिन्हें आज जेल में बंद कर दिया गया है। वे बाहर तभी आ पाएंगे जब आप इस आईन को पकड़ेंगे और चुनाव का समय आएगा आपको वोट देना होगा। आप उस बटन का दबाइएगा जो इस हुकूमत को हराएगा। INDIA गठबंधन को हम सबको मिलकर मजबूत करना है। 

डेरेक ओ’ब्रायन ने कहा- TMC इंडिया अलायंस का हिस्सा है

TMC सांसद डेरेक ओ’ब्रायन ने रैली में कहा कि तृणमूल कांग्रेस INDIA गुट का हिस्सा थी, है और रहेगी। ये जंग भाजपा और लोकतंत्र के खिलाफ है। ये लड़ाई मोदी की गारंटी के खिलाफ है, जिसकी कोई वारंटी नहीं है।

तेजस्वी यादव ने कहा- मोदी किसानों से नहीं, प्रियंका चोपड़ा से मिलते हैं

महारैली को संबोधित करते हुए बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री व RJD नेता तेजस्वी यादव ने कहा- हम लोगों ने पहली रैली पटना में की, दूसरी मुंबई में की और तीसरी दिल्ली में हो रही है। देश के कोने-कोने में जहां भी हम जा रहे हैं, वहां जनता का साथ मिल रहा है। जिस हिसाब से देश को बांटने का काम किया जा रहा है। नफरत की राजनीति की जा रही है। हम चाहते हैं कि इस लड़ाई में हमें आपका साथ मिले। जो लोग नारा लगाते हैं कि अबकी बार 400 पार, उनका मुंह है, कुछ भी बोलेंगे लेकिन एक बात तय है कि जनता ही मालिक है। वे (भाजपा) के लोग नारा लगा रहे हैं तो ऐसा लग रहा है कि पहले से ही EVM सेटिंग हो चुकी है। देश में आघोषित इमरजेंसी लागू हो चुकी है। देश में सबसे बड़ा कोई दुश्मन है तो बेरोजगारी है, महंगाई है, गरीबी है। प्रधानमंत्री मोदी ने कोई नौकरी नहीं दी, सब कुछ का नीजिकरण कर दिया। हम लोगों ने बिहार में 17 महीने में 5 लाख नौकरी देने का काम किया। आज किसान तबाह हैं, युवा परेशान हैं लेकिन प्रधानमंत्री मोदी को किसानों से मिलने का समय नहीं है। मोदी जी मिलेंगे तो प्रियंका चोपड़ा से मिलेंगे, किसानों से नहीं मिलेंगे।

राष्ट्रपति जी के सामने मोदी बैठे रहे

आज आडवाणी जी को भारत रत्न दिया गया। राष्ट्रपति ने उन्हें सम्मान दिया, लेकिन मोदी जी बैठे रहे। पहले भी हमने देखा कि राष्ट्रपति पीछे-पीछे चल रही हैं, मोदी जी आगे चल रहे हैं।