कोरबा: खड़े ट्रेलर से टकराई तेज रफ्तार बाइक, हादसे में पहले ससुर, फिर गंभीर घायल दामाद की भी मौत; ट्रेलर जब्त

कोरबा। जिले के लमना में पेट्रोल पंप के पास खड़े ट्रेलर से बाइक टकरा गई। हादसे में बाइक सवार ससुर-दामाद की मौत हो गई है। दोनों शवों को पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है। घटना बांगो थाना क्षेत्र की है।

जानकारी के मुताबिक, गुरुवार को बांगो थाना क्षेत्र के लमना पेट्रोल पंप के पास ट्रेलर खड़ा था। वहीं बाइक नंबर CG-12-BE-5496 पर रघुनाथ सिंह उइके (50 वर्ष) अपने दामाद जगन्नाथ सिंह मरकाम (35 वर्ष) के साथ शर्मा गांव से गुरसिया आ रहा था। दोनों पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गए थे।

बाइक रघुनाथ का दामाद जगन्नाथ चला रहा था। रफ्तार ज्यादा थी इसलिए वो काबू खो बैठा और बाइक सड़क पर खड़े ट्रेलर के पीछे टकरा गई। टक्कर के बाद बाइक सवार ससुर-दामाद दूर जा गिरे, जिससे उन्हें गंभीर चोट आई। रघुनाथ उइके की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने तत्काल घटना की सूचना डायल 108 और पुलिस को दी। एंबुलेंस से दोनों को पोड़ी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। यहां जांच के बाद डॉक्टरों ने रघुनाथ को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर के मुताबिक रघुनाथ की मौत अस्पताल लाने से पहले ही हो चुकी थी।

जगन्नाथ मरकाम की हालत भी काफी गंभीर बनी हुई थी। उसे कोरबा मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया। यहां इलाज के दौरान शुक्रवार को उसकी भी मौत हो गई। लोगों ने तेज रफ्तार को हादसे की वजह बताया है। उन्होंने कहा कि अनियंत्रित होकर बाइक सड़क पर खड़े ट्रेलर से जा टकराई थी।

बांगो थाना पुलिस ने बताया कि ट्रेलर को जब्त कर लिया गया है। आरोपी ट्रेलर ड्राइवर की तलाश की जा रही है। पुलिस ने बताया कि ससुर रघुनाथ सिंह उइके तलमली गांव बांगो थाना क्षेत्र का रहने वाला था। वहीं, उसका दामाद जगन्नाथ मरकाम मघरापारा गुरसिया बांगो थाना क्षेत्र का रहने वाला था। हादसे के बाद परिजन को सूचना दे दी गई है।