छत्तीसगढ़: प्रदेश में 16 से 18 तक बारिश की चेतावनी, राजधानी का तापमान 38 डिग्री के पार; डोंगरगढ़ रहा सबसे गर्म

रायपुर।प्रदेश में 16 से 18 मार्च तक बारिश के आसार हैं। सरगुजा, बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग और बस्तर संभाग के जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम वैज्ञानिक एचपी चन्द्रा के मुताबिक ऐसा वेस्टर्न डिस्टरबेंस के कारण होगा। मौसम में नमी की मात्रा बढ़ेगी जिससे अधिकतम तापमान के साथ न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी होगी।

डोंगरगढ़ में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। वहीं, मंगलवार को सबसे कम न्यूनतम तापमान बलरामपुर में 15.3 डिग्री रहा। रायपुर में भी पारा 38 डिग्री तक पहुंच गया है।

मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा के मुताबिक लगातार रायपुर का तापमान बढ़ रहा है। ऐसे में आने वाले दिनों में रायपुर का तापमान 40 डिग्री पहुंच जाएगा। मंगलवार को अधिकतम तापमान 38 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। वहीं, रात का तापमान 24.8 डिग्री रहा। दिन और रात का तापमान सामान्य से 3 डिग्री ज्यादा है।

मंगलवार को सरगुजा (अंबिकापुर) में अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री रहा। वहीं, रात का तापमान 15.1 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। दिन का तापमान सामान्य रहा। वहीं, रात का तापमान सामान्य से 1 डिग्री कम रहा।

बिलासपुर में लगातार दिन का तापमान बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को यहां दिन का तापमान 36.8 डिग्री रहा, जो सामान्य से 2 डिग्री ज्यादा था। यहां रात का तापमान 22.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। जो सामान्य से 3 डिग्री ज्यादा था ।

राजनांदगांव में अधिकतम तापमान सामान्य से 6 डिग्री ज्यादा पर पहुंच गया है। मंगलवार को यहां दिन का तापमान 38 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। डोंगरगढ़ में दिन का तापमान सबसे अधिक 39.4 डिग्री रहा, जो प्रदेश में सबसे अधिक है। वहीं, राजनांदगांव का न्यूनतम तापमान 19.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 1 डिग्री ज्यादा है।