कोरबा: छुरीकला नगर पंचायत अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पारित, BJP के पक्ष में पड़े 10 और कांग्रेस को मिले 5 वोट, भाजपा में उत्साह

छुरिकला नगर पंचायत अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास-प्रस्ताव पारित - Dainik Bhaskar

कोरबा। जिले में भाजपा पार्षदों ने छुरीकला नगर पंचायत अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया था, जो अब पारित हो गया। नगर पंचायत अध्यक्ष नीलम देवांगन की कुर्सी चली गई। अपर कलेक्टर दिनेश नाग ने इस प्रक्रिया को पूरी कराई। उन्होंने बताया कि अब अध्यक्ष का पद रिक्त हो गया है। सरकार के निर्देश पर अगली कार्रवाई की जाएगी।

अपर कलेक्टर दिनेश नाग ने बुधवार को अविश्वास प्रस्ताव पर वोटिंग कराई, जिसमें प्रस्ताव के पक्ष में 10 वोट पड़े और नीलम के खाते में पांच वोट आए। अपर कलेक्टर दिनेश नाग ने बताया कि अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पारित हुआ है।

वहीं परिणाम की जानकारी मिलने पर भाजपा समर्थक खुशी से झूम उठे। भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. राजीव सिंह ने कहा कि छुरीकला की जनता की जीत है, जो काफी समय से परेशान चल रही थी।

मालूम हो कि कांग्रेस शासन काल में अप्रत्यक्ष प्रणाली से नगर पंचायत के चुनाव कराए गए थे, जिसमें 15 वार्ड से निर्वाचित पार्षदों ने अध्यक्ष का चुनाव किया था। भारी जोड़-तोड़ के साथ कांग्रेस की पार्षद नीलम देवांगन अध्यक्ष निर्वाचित हुई थी।

बताया जा रहा है कि कुछ समय बाद ही पार्षदों की नाराजगी दिखने लगी थी। बाद में मामला और बिगड़ गया। 2 वर्ष पहले भाजपा पार्षदों के द्वारा अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने का आवेदन प्रशासन को दिया गया था, लेकिन सरकारी दबाव में इस पर ध्यान नहीं दिया गया।