बिलासपुर: नींद में थी बहू, सास-ससुर ने गला घोंटकर मार डाला; प्रॉपर्टी में हिस्सा मांगने पर की हत्या

बहू की हत्या करने वाले सास-ससुर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। - Dainik Bhaskar

बिलासपुर। जिले में लव मैरिज के बाद संपत्ति में हिस्सेदारी मांगने पर सास-ससुर ने मिलकर कमरे में सो रही बहू की गला दबाकर हत्या कर दी। महिला की लाश बंद कमरे में मिली थी। मायकेवालों की शिकायत पर पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराया। पीएम रिपोर्ट में दम घुटने से मौत का खुलासा होने के बाद आरोपी सास और ससुर को गिरफ्तार किया है। घटना बेलगहना चौकी क्षेत्र की है।

खोंगसरा के बंधियापारा निवासी रोहित मरकाम (22) ने करीब एक साल पहले गांव में ही रहने वाली खुशबू उर्फ हिना यादव (19) से लव मैरिज की थी। शादी के 8 महीने बाद वह कमाने-खाने के लिए कवर्धा चला गया। खुशबू गांव में ही सास-ससुर के साथ रहती थी।

इस दौरान उनका घरेलू बातों को लेकर विवाद होने लगा। आए दिन होने वाले विवाद के कारण खुशबू अपने पति को सास-ससुर से अलग रहने के लिए दबाव बनाने लगी, जिसके बाद सास-ससुर भी उससे दुश्मनी रखने लगे।

खुशबू अपनी सास जेठिया बाई (48) और ससुर भवन सिंह मरकाम (45) से जमीन और संपत्ति की हिस्सेदारी देने की बात कही। सास-ससुर उसे हिस्सा नहीं देना चाहते थे, जिसके कारण उनका विवाद बढ़ गया। पिछले शनिवार को भी इसी बात को लेकर खुशबू का अपने सास-ससुर से विवाद हो गया।

इसके बाद वह भोजन कर अपने कमरे में सोने के लिए चली गई। सुबह कमरे में उसकी लाश मिली। पीएम रिपोर्ट मिलने और उसकी हत्या करने की आशंका पर पुलिस ने सास-ससुर से पूछताछ की, तब उन्होंने अपराध स्वीकार करते हुए बहू की हत्या करने की जानकारी दी। जिसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।