विष्णुदेव साय को बधाई देने जशपुर से राजधानी पहुंचीं महिलाएं, पत्नी कौशल्या के साथ पारंपरिक गीतों पर किया नृत्य

रायपुर । कुनकुरी विधानसभा के विधायक विष्णुदेव साय के मुख्यमंत्री बनने पर भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ-साथ आम लोगों में जबरदस्त उत्साह दिखाई दे रहा है। विष्णुदेव साय के गृह जिले जशपुर की महिलाओं में भी खुशी का माहौल है। मंगलवार को बड़ी संख्या में उनके गृहग्राम बगिया और अन्य गांवों की महिलाएं राजधानी पहुंचीं। विधायक कालोनी स्थित मुख्यमंत्री साय के निवास में महिलाओं ने उनकी पत्नी कौशल्या देवी से मुलाकात कर बधाई दी। उनके साथ मिलकर पारंपरिक लोक गीतों पर जमकर नृत्य कर खुशियां मनाईं।

पंडित जी ने दिया था मुख्यमंत्री बनने का आशीर्वाद

मुख्यमंत्री चुने जाने पर विष्णुदेव साय को बधाई व शुभकामनाएं देने आए बंदरचुआ के ग्रामीण सुरेश साय ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का व्यक्तित्व बहुत ही सहज-सरल है। लोगों के सुख-दुख में शामिल होना और उनकी हर संभव मदद करना उनके स्वभाव में है। 

उन्होंने बताया कि हाल ही में मेरे घर पर सत्यनारायण व्रत कथा का आयोजन था। इस कथा में जब मैंने विष्णु देव साय को आमंत्रित किया तो उन्होंने सहज ही आने के लिए सहमति दी। हालांकि चुनाव प्रचार के व्यस्त कार्यक्रम में उनका आना बहुत मुश्किल था। फिर भी वे हमारे घर आए और सत्यनारायण भगवान का आशीर्वाद लिया। पूजा के बाद पंडित जी ने साय को विधायक के रूप में विजय का आशीर्वाद दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि इस बार आप मुख्यमंत्री बनकर भी प्रदेश की सेवा करें।