
रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के तहत 70 सीटों पर सुबह 7 बजे से मतदान जारी है। सबसे पहले नक्सल प्रभावित सीट बिंद्रानवागढ़ के 9 संवेदनशील केंद्रों पर वोटिंग शुरू हुई। यहां 3 बजे तक मतदान होगा। बाकी 69 सीटों पर सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक वोट पड़ेंगे।

इस चरण में कई हाई प्रोफाइल सीटें भी हैं। सीएम भूपेश बघेल, डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरण दास महंत सहित 10 मंत्रियों की प्रतिष्ठा दांव पर लगी हुई है। भाजपा से प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव सहित 4 सांसद और 10 विधायक भी चुनावी मैदान में हैं।
JCCJ प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी और उनकी मां व विधायक रेणु जोगी भी चुनाव लड़ रहे हैं। दूसरे चरण में 958 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। पहले चरण में 20 सीटों पर 12 नवंबर को 78% मतदान हुआ था। चुनाव परिणाम 3 दिसंबर को आएंगे।

यह 10 मंत्री मैदान में :
भूपेश बघेल सरकार के 10 मंत्रियों की प्रतिष्ठा दांव पर है। इनमें भूपेश बघेल (पाटन), टीएस सिंहदेव (अंबिकापुर), रविंद्र चौबे (साजा), अमरजीत भगत (सीतापुर), अनिला भेंडिया (डौंडी लोहारा), शिव डहरिया (आरंग), जयसिंह अग्रवाल (कोरबा), ताम्रध्वज साहू (दुर्ग ग्रामीण), गुरु रुद्र कुमार (नवागढ़), उमेश पटेल (खरसिया) और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरण दास महंत (सक्ती) शामिल हैं।
भाजपा से नेता प्रतिपक्ष सहित 10 विधायक:
भाजपा से इस चरण में 4 सांसद डॉ. अरुण साव (लोरमी), गोमती साय (पत्थलगांव), विजय बघेल (पाटन) और रेणुका सिंह (सोनहत), 10 विधायकों में नारायण चंदेल (जांजगीर-चांपा), अजय चंद्राकर (कुरुद), बृजमोहन अग्रवाल (रायपुर दक्षिण), शिवरतन शर्मा (भाटापारा), कृष्णमूर्ति बांधी (मस्तूरी), सौरभ सिंह (अकलतरा), रंजना दीपेंद्र साहू (धमतरी), ननकी राम कंवर (रामपुर), पुन्नूलाल मोहले (मुंगेली), धरमलाल कौशिक (बिल्हा) शामिल हैं।
थर्डजेंडर प्रत्याशी की किस्मत भी दांव पर
दूसरे चरण में राज्य के कुल 1 करोड़ 63 लाख 14 हजार 479 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इनमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 81 लाख 41 हजार 624 है, महिला मतदाता की संख्या 81 लाख 72 हजार 171 है और 684 तृतीय लिंग मतदाता भी शामिल हैं। इसमें 1 थर्डजेंडर समेत 958 प्रत्याशी चुनावी मैदान में होंगे, जिनमें 827 पुरूष, 130 महिला और 1 तृतीय लिंग प्रत्याशी हैं।